संत गाडगे महाराज समाधि मंदिर में आज गूंजेंगी सत्यपाल की सत्यवाणी

अमरावती/दि.18 -कर्मयोगी वैराग्यमूर्ति श्री संत गाडगेबाबा की 69वीं पुण्यतिथि के मौके पर, 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक संत गाडगेबाबा समाधि मंदिर, गाडगे नगर, अमरावती में सु. श्री माहेश्वरी देवी की मधुर वाणी में संगीतमय भागवत कथा के साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. 18 दिसंबर को रात 8 बजे, प्रसिद्ध खंजरी के जनक, राष्ट्रीय समाज प्रबोधनकार और मशहूर कीर्तनकार द्वारा सत्यपाल की सत्यवाणी का सप्त खंजरी जन प्रबोधन कार्यक्रम संपन्न होगा.
सत्यपाल महाराज कई सालों से लगातार समाज को बदलने का महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं. वे पूज्य राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज, कर्मयोगी गाडगे बाबा, छत्रपति शिवाजी महाराज, मां जिजाऊ, शिक्षा महर्षि भाऊसाहेब उपाख्य पंजाबराव देशमुख, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, सावित्रीबाई फुले, महात्मा फुले, अहिल्याबाई होलकर जैसे महापुरुषों के विचारों को लोगों के मन में बिठाकर सप्तखंजरी के जरिए समाज को अज्ञानता, अंधविश्वास, जाति व्यवस्था, नशा, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर जागरूक कर रहे हैं. संत गाडगे महाराज की 69वीं पुण्यतिथि निमित्त संत गाडगे महाराज समाधि मंदिर की तरफ से सभी भक्तों से अपील की गई है कि वे जन जागरण कार्यक्रम सत्यपाल की सत्यवाणी श्रवण का लाभ उठाएं.