12 वीं की परीक्षा 10 फरवरी से, रहेगा सीसीटीवी का वॉच
कक्षा 10 वीं की एग्जाम 20 से

अमरावती/ दि. 4- महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्बारा कक्षा 12 वीं की परीक्षा आगामी 10 फरवरी से और कक्षा 10 वीं की परीक्षा आगामी 20 फरवरी से शुरू हो रही है. बोर्ड ने एक्जाम को कॉपीमुक्त रखने व्यापक कदम उठाए हैं. विद्यार्थियों द्बारा परीक्षा में कोई कॉपी न होने देने के लिए बोर्ड सभी प्रकार की सावधानी बरत रहा है. जिलाधीश ने भी परीक्षा केन्द्रों पर कोई गैर प्रकार रहने पर तत्परता से कानूनी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए है.
कक्षाओं में सीसीटीवी
बोर्ड ने उपरोक्त दोनों परीक्षा के लिए शिक्षा संस्थाओ को सेंटर पर सभी कक्षाओं में सीसीटीवी लगाने कहा है. इस संबंध में जिलाधीश की अध्यक्षता में मीटिंग भी हो चुकी है. अमरावती संभाग में समाहित 5जिलों में कक्षा 12 वीं के 1.42 लाख और कक्षा 10 वीं के 1.56 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में बैठने की जानकारी है. कलेक्टर ने दोनों एक्जाम को कॉपीमुक्त रखने के निर्देश दिए हैं.
परीक्षा केन्द्र परिसर में धारा 144
परीक्षा केन्द्रों के परिसर में फौजदारी प्र्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जायेंगे. इस धारा के अनुरूप परीक्षा केन्द्रों के पास 100 मीटर की परिधि में सभी एसटीडी बूथ, मोबाइल हेंडसेट, फैक्स और झेरॉक्स सेंटर एवं लाउडस्पीकर बंद रखे जायेेेंगे. यह आदेश परीक्षार्थी, परीक्षा से संबंधित अधिकारी, अध्यापक, कर्मचारी, पुलिस अधिकारी व कर्मचारी को लागू नहीं रहेगा. अन्य लोगों द्बारा आदेश का उल्लंघन किए जाने पर कडी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
खबरदार नहीं हो बत्ती गुल
कलेक्टर ने सभी शालाओं में सीसीटीवी चालू रखने के निर्देश देते हुए क्षेत्र में बत्ती गुल नहीं होने की सावधानी बरतने कहा है. उसी प्रकार बैटरी अथवा इन्वर्टर की पर्यायी व्यवस्था तैयार रखने कहा गया है. संवेदनशील सेंटर्स पर कॉपी रोकने के लिए वीडियो शूटिंग की सुविधा भी तैयार रखने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने उडनदस्तों और स्थायी पथक को विशेष खबर बरतने कहा है.