बैग से 2 लाख 8 हजार रुपए चुराये
मनपा कॉम्प्लेक्स परिसर की घटना

* अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज
अमरावती /दि.12 – गाडगे नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवसारी स्थित मनपा कॉम्प्लेक्स के सामने एक व्यक्ति की बैग से 2 लाख 8 हजार रुपए चोरी होने की घटना सामने आयी है. इस मामले में गाडगे नगर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखन राजकुमार पाटील (30, टेंभली, धारणी) सोमवार को दर्यापुर स्थित जिनिंग के मालिक से पुराने भुगतान के बदल 4 लाख 58 हजार रुपए लेकर अमरावती आया था. लखन पाटील के अनुसार ट्रक में भरे कपास के मालिक अब्दूल गनी ने फोन पर कहा था कि, वह अपना आदमी भेजेंगा और उसे 2.50 लाख रुपए दे देना. इसके बाद मंगलवार को सुबह 11 बजे के करीब अब्दूल गनी का व्यक्ति आया. जिसे लखन ने 2.50 लाख रुपए दे दिये. इसके बाद लखन अपने साथी अमरलाल धांडे के साथ भोजन का पार्सल लेकर नवसारी मनपा कॉम्प्लेक्स के सामने ट्रक खडा कर वहीं खाना खाने बैठ गया.
इस दौरान उनके पास कपडे और दो लाख 8 हजार रुपए रखी हुई बैग मौजूद थी. खाना समाप्त होने के बाद दोनों ट्रान्सपोर्ट नगर की ओर निकल गये. करीब 200 मीटर आगे जाने के बाद लखन को ध्यान में आया कि, बैग वहीं खाना खाने वाली जगह पर रह गई है. जब वह वापिस लौटकर उस जगह पर पहुंचा, तो बैग तो उसे मिल गई. लेकिन उसमें रखे 2 लाख 8 हजार रुपए गायब थे. किसी अज्ञात चोर ने बैग में रखे रुपए चुरा लिये. लखन पाटील की शिकायत पर गाडगे नगर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरु कर दी है.





