किरण नगर, मोतीनगर व कल्याण नगर में स्वच्छता अभियान की समीक्षा
मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक ने दिए सख्त निर्देश

अमरावती/दि.18 – शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अमरावती मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक ने मंगलवार को किरण नगर नं.1, मोतीनगर और कल्याण नगर क्षेत्र का दौरा कर साफ-सफाई कार्यों की विस्तृत समीक्षा की.
आयुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों, स्वच्छता निरीक्षकों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों तथा ठेका स्वच्छता कर्मियों के साथ चर्चा कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली. मुख्य मार्गों, आंतरिक गलियों, नालों और कचरा संकलन केंद्रों का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता परखी गई. कुछ स्थानों पर कचरा जमा मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए. निरीक्षण के दौरान नालों की नियमित सफाई, कचरा उठाव की आवृत्ति, गीला-सूखा कचरा पृथक्करण की प्रक्रिया तथा समयबद्ध फॉगिंग और सैनिटाइजेशन पर विशेष जोर दिया गया. आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए.
दौरे के दौरान आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं. नागरिकों ने नियमित कचरा संकलन, सड़कों की झाड़ू लगाने की संख्या बढ़ाने तथा मच्छरनाशक छिड़काव को और प्रभावी बनाने की मांग रखी. इस पर आयुक्त ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है. शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है. निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, स्थानीय नगरसेवक प्रदीप हिवसे, वैद्यकीय अधिकारी (स्वच्छता) डॉ. अजय जाधव, सहायक आयुक्त नितीन बोबडे, सहायक आयुक्त भूषण पुसतकर, वरिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक कुंदन हडाले सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.





