मनपा की 31 स्कूलों में सौर ऊर्जा प्रणाली के लिए अलग निधि देने की मांग
दिशा समिति की समीक्षा बैठक में महापौर श्रीचंद तेजवानी ने उठाया मुद्दा

अमरावती /दि.19 – अमरावती महानगरपालिका की 31 शालाओं में सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने के लिए स्वतंत्र निधि उपलब्ध कराने की मांग महापौर श्रीचंद तेजवानी ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की समीक्षा बैठक में उठाई. बैठक में शहर के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई. महापौर श्रीचंद तेजवानी ने कहा कि मनपा स्कूलों में बिजली खर्च लगातार बढ़ रहा है, इसलिए सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने से दीर्घकालीन बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने इस कार्य के लिए विशेष अनुदान उपलब्ध कराने की मांग की.
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और संबंधित यंत्रणाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे. शहर में चल रहे विकास कार्यों, प्रलंबित प्रस्तावों और योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई. महापौर श्रीचंद तेजवानी ने बताया कि सौर ऊर्जा प्रकल्प लागू होने से मनपा के खर्च में कमी आएगी तथा हरित व स्वच्छ अमरावती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा. साथ ही विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी. बैठक में संबंधित विभागों को प्रस्ताव का विस्तृत अहवाल तैयार कर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.





