गर्मी की आहट तेज, पश्चिम विदर्भ धीरे- धीरे तप रहा

अकोला और अमरावती राज्य में सर्वाधिक हॉट

* पारा 36 डिग्री के करीब
* रात का तापमान भी 19- 20 डिग्री तक पहुंचा
अमरावती/ दि. 20 – फरवरी आधे से अधिक बीतने के साथ गर्मी का पारा पश्चिम विदर्भ में बढ रहा है. गर्मी की आहट तेज हो गई है. अमरावती और अकोला बुधवार और गुरूवार को राज्य में सबसे गर्म कहे जा सकते हैं. दोनों ही शहरों का पारा 36 डिग्री के पास पहुंच जाने की जानकारी मौसम विभाग ने दी और बताया कि अगले कुछ दिनों में पारा और चढ सकता है. यह भी जानकारी दी गई कि रात का तापमान भी 19-20 डिग्री के पार हो रहा है. गर्मी आहिस्ता आहिस्ता पश्चिम विदर्भ में पांव पसार रही है.
मौसम विभाग नागपुर के अनुसार पश्चिम विदर्भ के चारों प्रमुख शहरों अमरावती, अकोला, यवतमाल, बुलढाणा में दिन में तेज धूप पडनी प्रारंभ हो गई है. गुरूवार के क्षेत्र का तापमान 35.6 डिग्री के पास हो गया था. राज्य के दूसरे हिस्सों के मुकाबले न्यूनतम तापमान भी 19-20 डिग्री हो चला है. फरवरी में ही पारा 35 डिग्री पार होने से इस वर्ष गर्मियों का असर अधिक बताया जा रहा है. मेडिकल विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में कार्यवश घर से बाहर निकलते समय सिर ढकने और हलका भोजन करने की सलाह दी है. ऐसे ही हीटस्ट्रोक से सावधान रहने की अपील की गई है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक अर्थात होली तक तापमान में उतार चढाव की संभावना है. नागरिकों से जरूरी सावधानी बरतने की विनती भी की जा रही है.
एक अन्य मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि दो वर्षो से देखा गया कि जलवायु परिवर्तन हो रहा है. फरवरी में पारा चढ रहा है. अप्रैल, मई में तापमान अपेक्षा से कम हो जाता है.

 

Back to top button