राजापेठ फ्लायओवर पर फिर लगेगी प्रतिमा

शिवजयंती पर अमरावती में श्रद्धा और राजनीति साथ-साथ

* विधायक रवि राणा ने फिर भरी हुंकार
अमरावती /दि.20 – अमरावती में छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर राजापेठ उड्डाणपुल परिसर में विधायक रवि राणा ने छत्रपती शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर विधिवत पूजन व महाआरती की. कार्यक्रम के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज की जय के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा. विधायक राणा ने कहा कि शिवाजी महाराज केवल पराक्रमी योद्धा नहीं, बल्कि न्याय, स्वराज्य और लोककल्याण के प्रतीक थे. उनके लोकाभिमुख शासन का अनुकरण हर जनप्रतिनिधि को करना चाहिए. उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का आदर्श आज भी प्रशासन और समाज को दिशा देने वाला है.
विधायक राणा ने आरोप लगाया कि पूर्व में महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल में, जब उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तब राजापेठ फ्लायओवर से शिवाजी महाराज की प्रतिमा हटाई गई थी, जिससे शिवभक्तों की भावनाएं आहत हुई थीं. उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में देवेंद्र फडणवीस की सहमति से महानगरपालिका की पहली आमसभा में भारतीय जनता पार्टी व युवा स्वाभिमान पार्टी के माध्यम से प्रस्ताव पारित कर राजापेठ उड्डाणपुल पर शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा पुनः स्थापित की जाएगी. राजापेठ उड्डाणपुल पर प्रतिमा लगेगी ही, ऐसा संकल्प उपस्थित पदाधिकारियों और शिवप्रेमियों ने एकमत से लिया.

* शहर के अन्य स्थानों पर भी पूजन
बडनेरा नवी वस्ती शिवाजी चौक और फरशी स्टॉप परिसर में भी विधायक राणा के हाथों शिवाजी महाराज की प्रतिमा का पूजन व महाआरती की गई. कार्यक्रम के अंत में उन्होंने नागरिकों को शिवजयंती की शुभकामनाएं देते हुए स्वराज्य, स्वाभिमान और न्याय के मूल्यों को अपनाने का आवाहन किया. समारोह में उपमहापौर, नगरसेवक तथा बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित थे.

Back to top button