समय से पहले गर्मी ने दिखाए तेवर, ठंड ने पूरी तरह ली विदाई
फरवरी में ही 39 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

अमरावती/ दि. 21 – इस वर्ष गर्मी समय से पहले ही अपना तेवर दिखाने लगी है. फरवरी माह में ही ठंड पूरी तरह से विदाई ले चुकी है और अमरावती सहित राज्य के अन्य हिस्सों के तापमान में बढोतरी होने लगी है. मौसम विभाग के ताजा पुर्वानुमान के अनुसार फरवरी माह में ही अमरावती का तापमान 39 डिग्री तक पहुंच सकता है.
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष फरवरी में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है. अमरावती में तापमान सामान्य से अधिक 35.8 डिग्री तक पहुंच गया है. जिसके चलते लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार, गर्मी समय से पहले अपना तेवर दिखा रही है. इसके चलते दिन के तापमान में लगातार वृध्दि देखी जा रही है. अमरावती में रात का तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया जा रहा है.
* विदर्भ में गर्मी का असर अधिक
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर से आनेवाली ठंडी हवाओं का प्रभाव कम हो गया है और बंगाल की खाडी से आनेवाली नमी युक्त हवाओं के कारण उमस और तापमान दोनों में इजाफा हो रहा है. विदर्भ क्षेत्र में गर्मी का सबसे अधिक असर देखा जा रहा है. अमरावती सहित विदर्भ और राज्य से ठंड अब पूरी तरह विदा ले चुकी है. इसके चलते गर्मी समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने लगी है. ऐसे में आनेवाले दिनों में अमरावती का अमरावती का अधिकतम तापमान 39 डिग्री पहुंचने की संभावना है.
* स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रशांत महासागर में अलनीनों की बदलती स्थिति का असर महाराष्ट्र के मौसम में पड रहा है. हवा में नमी कम होने और वातावरण शुष्क होने के कारण धूप की तीव्रता अधिक महसूस हो रही है. तापमान में अचानक आए इस बदलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञाेंं ने नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. दोपहर 12 से 4 बजे के बीच सीधी धूप में न निकले, शरीर में पानी की कमी न होने दें, ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थो का सेवन करें, बाहर निकलते समय छतरी, टोली और सनग्लासेस का उपयोग करे्ं
* विदर्भ में तपने लगी धूप
साफ आसमान और कम हवाओं के चलते अमरावती सहित विदर्भ में तेज धूप पड रही है. इसके चलते दिन के तापमान के साथ साथ रात में तापमान में भी वृध्दि दर्ज की जा रही है. अमरावती में रात का तापमान 17.5 तो बुलढाणा में यह 20 डिग्री तक पहुंच गया है. वही अकोला में 19.5 तो चंद्रपुर में रात का तापमान 19.5 डिग्री दर्ज किया गया है. जिसकी वजह से राते भी गर्म महसूस हो रही है.
* क्यों बढ रही है गर्मी ?
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहे है. आमतौर पर फरवरी में ठंडी हवाएं और बारिश से तापमान नीचे रहता ह््ै लेकिन इस वर्ष ऐसा नहीं हआ. साफ आसमान और कम हवाओं की वजह से धूप तेज पड रही है. विशेषज्ञों का कहना है कि अमरावती सहित राज्य के कई शहरों में फरवरी में ही गर्मी के संकेत दिख रहे हैं. जो जलवायु परिवर्तन का असर भी हो सकता है. फरवरी के मध्य में इतनी गर्मी होना असमान्य है.
विदर्भ के प्रमुख शहरों का तापमान डिग्री में
शहर अधिकतम न्यूनतम
अकोला 35.6 19.5
अमरावती 35.8 17.5
भंडारा 33.8 18.6
बुलढाणा 33.8 20.0
चंद्रपुर 34.6 19.5
गडचिरोली 33.6 16.4
गोंदिया 33.2 16.4
नागपुर 33.6 15.4
वर्धा 34.5 17.5
वाशिम 34.6 16.4
यवतमाल 33.4 16.1





