कल पार्षद अनिल अग्रवाल व दिनेश बूब का भव्य नागरी सत्कार

राजस्थानी हितकारक मंडल द्वारा किया जाएगा सम्मानित

अमरावती/दि.28 – राजस्थानी समाज से वास्ता रखनेवाले दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के संपादक अनिल अग्रवाल तथा न्यू आझाद गणेशोत्सव मंडल के संस्थापक दिनेश बूब की हाल ही में अमरावती महानगर पालिका में बतौर स्वीकृत पार्षद नियुक्ति हुई है. जिसे ध्यान में रखते हुए राजस्थानी हितकारक मंडल द्वारा राजस्थानी समाज से वास्ता रखनेवाले इन दोनों गणमान्यों की इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है. जिसके तहत कल रविवार 1 मार्च को सुबह 10 बजे रायली प्लॉट स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित सत्कार समारोह में संपादक व स्वीकृत पार्षद अनिल अग्रवाल एवं स्वीकृत पार्षद दिनेश बूब का राजस्थानी हितकारक मंडल की ओर से भव्य नागरी सत्कार व अभिनंदन किया जाएगा.
राजस्थानी हितकारक मंडल के संरक्षक पंडित देवदत्त शर्मा की अध्यक्षता के तहत आयोजित होने जा रहे इस सत्कार समारोह में बतौर प्रमुख अतिथि श्री गणेशदास राठी शिक्षण समिति के अध्यक्ष वसंतकुमार मालपाणी, श्री माहेश्वरी पंचायत के अध्यक्ष सुरेश साबू, श्री अग्रवाल समाज के अध्यक्ष विजय केडिया, अमरावती चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विनोद कलंत्री, अमरावती महानगर चेंबर के अध्यक्ष सुरेश जैन उपस्थित रहेंगे.
उक्ताशय की जानकारी देते हुए राजस्थानी हितकारक मंडल के सचिव रामेश्वर गग्गड, उपाध्यक्ष प्रा. जगदीश कलंत्री, डॉ. रवि खेतान व पुरुषोत्तम मुंधडा, कोषाध्यक्ष किशोर गोयनका, राजस्थानी हितकारक महिला मंडल की अध्यक्षा उर्मिला कलंत्री एवं राजस्थानी हितकारक युवक मंडल के अध्यक्ष अमित मंत्री सहित सभी पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों ने सभी राजस्थानी समाजबंधुओं से इस सत्कार समारोह में अवश्य उपस्थित रहने का आवाहन किया है.
* अपने अध्यक्ष की उपलब्धि से पुलकित व हर्षित है राजस्थानी व अग्रवाल समाज
बता दें कि, महानगर पालिका में स्वीकृत पार्षद चुने गए संपादक अनिल अग्रवाल लगातार दूसरी बार राजस्थानी हितकारक मंडल के अध्यक्ष पद का जिम्मा संभाल रहे है. साथ ही अग्रसेन भवन का संचालन करनेवाली महाराजा अग्रसेन स्मारक समिति के भी वे अध्यक्ष है. इसके चलते संपादक अनिल अग्रवाल के मनपा में स्वीकृत पार्षद निर्वाचित होने पर दोनों संस्थाओं से जुडे राजस्थानी व अग्रवाल समाजबंधुओं में जबरदस्त हर्ष एवं खुशी व्याप्त है तथा इस उपलब्धि हेतु अपने अध्यक्ष का सत्कार व सम्मान करने के लिए राजस्थानी व अग्रवाल समाजबंधुओं में विशेष उत्साह भी देखा जा रहा है.

Back to top button