आखिरकार हिस्ट्रीशीटर साहिल गिरफ्तार
तीन माह से फरार आरोपी को राजापेठ डीबी स्क्वाड ने दबोचा

अमरावती/दि.2 – शहर में दहशत का पर्याय बने हिस्ट्रीशीटर साहिल मेश्राम को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पिछले तीन महीनों से फरार चल रहा साहिल लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था. शुक्रवार, 27 फरवरी की देर रात राजापेठ पुलिस की डीबी स्क्वाड को गुप्त सूचना मिली कि वह समर नगर परिसर में छिपा है. सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर फिल्मी अंदाज में उसे गिरफ्तार कर लिया.
पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में की गई. पुलिस निरीक्षक पुनीत कुलट के नेतृत्व में सागर सरदार और दिनेश भिसे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
* जेवड़ नगर तोड़फोड़ का मास्टरमाइंड
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व जेवड़ नगर क्षेत्र में 20 से 25 बदमाशों ने जमकर तोड़फोड़ कर दहशत फैलाई थी. इस प्रकरण में साहिल मेश्राम को मुख्य आरोपी और साजिश का मास्टरमाइंड माना जा रहा था. पुलिस के अनुसार, उसी के इशारे पर घटना को अंजाम दिया गया था. सूत्रों के मुताबिक वह शहर के एक कुख्यात गैंग का सक्रिय सदस्य है. फरारी के दौरान उसके अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े होने की भी चर्चा रही.
* इंस्टाग्राम लाइव से दी थीं धमकियां
नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र में चर्चित मंथन हत्याकांड के बाद शहर में तनाव की स्थिति बनी थी. उसी दिन साहिल शराब के नशे में इंस्टाग्राम पर लाइव आया और करीब 10 मिनट तक खुलेआम धमकियां दीं. वीडियो में उसने कहा था कि यह सिलसिला रुकने वाला नहीं है पुलिस मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्राइम ब्रांच और विभिन्न थानों की टीमें उसकी तलाश में जुट गई थीं.
* दर्जनों संगीन मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, साहिल मेश्राम पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और दहशत फैलाने जैसे दर्जनों गंभीर मामले दर्ज हैं. पिछले पांच वर्षों से वह आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और जेवड़ नगर प्रकरण के बाद से फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है. अब उससे पूछताछ कर अन्य मामलों के खुलासे की तैयारी की जा रही है. साहिल की गिरफ्तारी के बाद शहरवासियों ने राहत की सांस ली है.





