तीन नाबालिगों की गुमशुदगी से रातभर मचा रहा हडकंप
अगले दिन सुबह बच्चों की बरामदगी हो जाने से सभी ने ली राहत की सांस

* माता-पिता की डांट-डपट से गुस्सा होकर तीनों बच्चे निकल गए थे घर से
* पुलिस ने रातभर चलाया सर्च ऑपरेशन, अफवाहों का बाजार भी रहा गर्म
अमरावती /दि.2- इस समय अमरावती शहर में जहां एक ओर बच्च चुरानेवाला गैंग सक्रिय रहने की जबरदस्त अफवाह चल रही है, वहीं दूसरी ओर विगत 27 फरवरी की दोपहरबाद नागपुरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत एक रिहायशी इलाके से 3 बच्चों के गुमशुदा हो जाने का मामला सामने आते ही पूरे परिसर में अच्छा-खासा हडकंप मच गया. जिसकी जानकारी मिलते ही नागपुरी गेट पुलिस के दल ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाते हुए कई लोगों से पूछताछ भी की. परंतु बच्चों का पूरी रात कहीं कोई पता नहीं चला. लेकिन सुबह होते ही सभी लोगों ने उस समय राहत की सांस ली, जब एक स्कूल के पीछे खडे बोलेरो वाहन में तीनों बच्चे बडे ही सुकून के साथ सोते दिखाई दिए. जिसके बाद की गई पूछताछ में बच्चों ने बताया कि, उनका किसी ने कोई अपहरण नहीं किया था, बल्कि माता-पिता द्वारा की गई डांट-फटकार से गुस्सा होकर वे खुद ही अपने घर से निकाल आए थे. इस जानकारी के सामने आने के बाद नागपुरी गेट पुलिस ने तीनों बच्चों को सकुशल उनके माता-पिता के हवाले किया.
इस संदर्भ में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक जमील कॉलोनी परिसर में रहनेवाले 13 वर्ष, 15 वर्ष व 10 वर्ष की आयु वाले 3 बच्चे शुक्रवार 27 फरवरी को जुमे की नमाज पढने हेतु दोपहर 1 बजे के आसपास अपने घर से मस्जिद जाने के लिए निकले थे. जिसमें से एक बच्चे ने अपने घर से निकलते समय अपने छोटे भाई को यह बताया था कि, वह यूपी के कन्नोज, इटावा व फर्रुखाबाद जा रहा है. इसके बाद तीनों ही बच्चे अपने घर वापिस नहीं लौटे. जिसके चलते उनकी खोजबीन करनी शुरु की गई. साथ ही पुलिस को पूरे मामले से अवगत भी कराया गया. जिसके बाद पुलिस ने तीनों बच्चों की गुमशुदगी को लेकर अपहरण का मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश करनी शुरु की. लेकिन रातभर के दौरान उन तीनों बच्चों का कहीं कोई अतापता नहीं चला. जिसके चलते क्षेत्र में बच्चा चोरी का गैंग सक्रिय रहने की बात ने जोर पकड लिया. परंतु अगले दिन सुबह 5 बजे के आसपास किसी ने जानकारी दी कि, परिसर में स्थित एक स्कूल के पीछे खडे बोलेरो वाहन के पिछले हिस्से में तीनों बच्चे बडे सुकून के साथ सो रहे है. यह जानकारी मिलते ही पुलिस का दल तुरंत मौके पर पहुंचा और तीनों बच्चों की सकुशल बरामदगी की गई और सभी ने राहत की सांस ली.





