तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में गैस रिसाव से हड़कंप
नागरिकों को आंख-गले में जलन, प्रशासन अलर्ट मोड पर

पालघर/दि.2 : महाराष्ट्र के पालघर जिले स्थित तारापुर इंडस्ट्रीयल एरिया में सोमवार दोपहर अचानक गैस रिसाव की घटना सामने आने से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया. औद्योगिक क्षेत्र की भगेरिया केमिकल्स लि. नामक कंपनी के कारखाने में ओलियम गैस लीक होने के कारण आसपास के कारखानों में काम कर रहे मजदूरों और स्थानीय नागरिकों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याएं होने लगीं.
जानकारी के अनुसार डी-झोन स्थित कंपनी में दोपहर करीब ढाई बजे गैस रिसाव शुरू हुआ. ओलियम गैस हवा के संपर्क में आने पर सल्फर डाइऑक्साइड और अन्य सल्फर ऑक्साइड गैसों में परिवर्तित हो जाती है, जिससे वातावरण प्रभावित हो गया. पश्चिम से पूर्व दिशा में चल रही हवा के कारण गैस का असर आसपास के क्षेत्रों तक फैल गया.
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने आपातकालीन व्यवस्था सक्रिय कर दी. पालघर की जिलाधिकारी डॉ. इंदूराणी जाखड़ के निर्देश पर राजस्व विभाग, एमआईडीसी प्रशासन, पुलिस तथा अग्निशमन दल को तुरंत मौके पर भेजा गया. गैस रिसाव को नियंत्रित करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास जारी हैं. पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं. उन्होंने बताया कि भोईसर पुलिस थाना क्षेत्र में संदिग्ध ओलियम गैस रिसाव की सूचना मिलने के बाद सभी संबंधित एजेंसियां मिलकर गैस लीक रोकने का प्रयास कर रही हैं.
प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि जिस दिशा में हवा बह रही है, उसके विपरीत दिशा में सुरक्षित स्थान की ओर जाएं. बाहर निकलते समय मुंह और नाक पर गीला कपड़ा या मास्क लगाने की सलाह दी गई है तथा अफरा-तफरी से बचने को कहा गया है. फिलहाल स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है और प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए हैं. अधिकारियों के अनुसार गैस रिसाव पूरी तरह नियंत्रित होने तक राहत और बचाव कार्य जारी रहेंगे.





