252 वाहनों की जांच, 61 दोषी, 11.09 लाख रुपये वसूले

आरटीओ विभाग की अवैध यात्री वाहनों पर धड़ाधड़ कार्रवाई

अमरावती/ दि. 4 – अमरावती जिले में अवैध यात्री परिवहन और परमिट नियमो का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और ग्रामीण सड़कों पर चल रही स्टेज कैरेज बसों व अन्य यात्री वाहनों की सघन जांच की गई.
अमरावती-मोर्शी, वरुड-पांढुर्णा-मुलताई, परतवाड़ा-अंजनगांव, आकोट मार्गे अकोला तथा परतवाड़ा-चिखलधरा-धारणी (मेलघाट) मार्गों पर कुल 252 वाहनों की जांच की गई. इनमें से 61 वाहन विभिन्न नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। दोषी वाहन मालिकों से मोटर वाहन अधिनियम के तहत 11,09,000 रुपये का समझौता शुल्क वसूला गया. कार्रवाई के दौरान बिना परमिट यात्री परिवहन, कॉन्ट्रैक्ट कैरेज परमिट की शर्तों का उल्लंघन, अधिक किराया वसूली और समय सारिणी का पालन न करने जैसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया.
* 513 बसों पर 20.01 लाख की कार्रवाई
जनसंपर्क अधिकारी अनिल मानकर ने बताया कि जनवरी 2025 से फरवरी 2026 तक अवैध यात्री परिवहन करने वाली 513 बसों पर कार्रवाई करते हुए 20,01,000 रुपये का दंड वसूला गया है.
विशेष अभियान का ब्यौरा (1 जनवरी 2025 से फरवरी 2026)
हेलमेट नहीं पहनने पर – 372 मामले
सीट बेल्ट नहीं लगाने पर – 776 मामले
बिना वैध बीमा – 3073 मामले
ओवरलोड माल परिवहन – 338 मामले
वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग – 250 मामले
बिना लाइसेंस चालक – 2778 मामले
फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त – 3422 मामले
परमिट समाप्त वाहन – 572 मामले
पीयूसी नहीं – 4270 मामले
ओवरस्पीडिंग – 2656 मामले
कुल कार्रवाई – 20,346 वाहन
कुल वसूली – 3,87,75,500 रुपये
* आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी उर्मिला पवार ने बताया कि अवैध यात्री परिवहन, ओवरलोडिंग और यात्री वाहनों से माल ढुलाई करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button