महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव निर्विरोध!
शिंदे सेना ने मैदान में नहीं उतारा दूसरा प्रत्याशी

* राज्य की 7 सीटों के लिए मैदान में 7 ही प्रत्याशी
मुंबई/दि.5 – महाराष्ट्र में राज्यसभा की सात सीटों के लिए होने वाले चुनाव में अंतिम समय में बड़ा राजनीतिक मोड़ सामने आया है. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने दूसरे उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारा है. इसके चलते अब सात सीटों के लिए कुल सात ही नामांकन दाखिल हुए हैं और चुनाव बिनविरोध होने की स्थिति बन गई है.
जानकारी के अनुसार राज्यसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ महायुति की ओर से कुल छह नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं, जबकि महाविकास आघाड़ी की ओर से शरद पवार का एक नामांकन दाखिल हुआ है. इस प्रकार कुल सात उम्मीदवारों के नामांकन होने से सात सीटों के लिए चुनाव बिना मतदान के ही संपन्न होने की संभावना बन गई है.
राज्यसभा चुनाव को लेकर पहले चर्चा थी कि शिंदे गुट अतिरिक्त मतों के आधार पर दूसरा उम्मीदवार उतार सकता है. इसके लिए रोहित तिलक के नाम की भी चर्चा चल रही थी. बताया जा रहा था कि शिवसेना (शिंदे गुट) के पास लगभग 20 अतिरिक्त मत हैं, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस के पास तीन अतिरिक्त मत हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो सकता था. हालांकि अंतिम समय में शिवसेना ने दूसरा उम्मीदवार नहीं उतारा और केवल ज्योति वाघमारे को उम्मीदवार बनाया, जिससे चुनाव बिनविरोध होने का रास्ता साफ हो गया.
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यदि नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी नामांकन वैध पाए जाते हैं तो महाराष्ट्र से राज्यसभा के सातों सदस्य बिनविरोध निर्वाचित घोषित किए जा सकते हैं.
* शरद पवार और पार्थ पवार ने दो-दो नामांकन भरे
राज्यसभा चुनाव के लिए शरद पवार, पार्थ पवार और ज्योति वाघमारे ने दो-दो नामांकन पत्र दाखिल किए हैं. यह प्रक्रिया इसलिए अपनाई जाती है ताकि यदि किसी कारणवश एक नामांकन पत्र निरस्त हो जाए तो दूसरा मान्य रह सके. सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य कारणों से शरद पवार नामांकन दाखिल करने के लिए स्वयं उपस्थित नहीं हो सके. ऐसे में चुनाव अधिकारियों को उनके निवास पर जाकर पूरी प्रक्रिया पूरी करनी पड़ी. बताया जा रहा है कि राज्यसभा नामांकन प्रक्रिया में इस प्रकार की यह पहली घटना मानी जा रही है.
* महाराष्ट्र से राज्यसभा उम्मीदवारों की दलनिहाय सूची
भाजपा – रामदास आठवले, विनोद तावड़े, माया चिंतामण इवनाते, रामराव वडकुते.
शिवसेना (शिंदे गुट) – ज्योति वाघमारे.
राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) – पार्थ पवार.
मविआ – शरद पवार.





