चना की एमएसपी खरीद के लिए पंजीयन शुरू
किसानों से योजना का लाभ लेने की अपील

अमरावती/दि.6 – केंद्र सरकार की न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत रबी सीजन 2025-26 में चना की खरीद के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. यह खरीदी नाफेड तथा महाराष्ट्र राज्य कृषि पणन मंडल के माध्यम से अमरावती विभाग के स्वीकृत केंद्रों पर की जाएगी.
इस वर्ष केंद्र सरकार ने चना के लिए 5,875 रुपये प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया है. योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को संबंधित खरीद केंद्र पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीयन कराना अनिवार्य है. पंजीयन के लिए किसानों को चालू हंगाम में चना फसल की नोंद वाला डिजिटल 7/12 उतारा, आधार कार्ड की प्रत, बैंक पासबुक के पहले पेज की कॉपी या कैंसल चेक (जिसमें आईएफएससी कोड स्पष्ट हो) तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर प्रस्तुत करना होगा. किसानों से अपील की गई है कि खरीद केंद्र पर फसल लाने से पहले चना साफ, सूखा और एफएक्यू गुणवत्ता का होना चाहिए. ऑनलाइन पंजीयन के बाद किसानों को मोबाइल पर एसएमएस प्राप्त होगा, उसके बाद ही फसल खरीद केंद्र पर लानी होगी. महाराष्ट्र राज्य कृषि पणन मंडल के अमरावती विभागीय कार्यालय ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अधिकृत खरीद केंद्रों पर ही पंजीयन कराकर हमीभाव योजना का लाभ ले.





