अमरावती में बीओटी मार्केट के दुकानदारों को ही क्यों बनाया जा रहा निशाना

बीओटी मार्केट की लीज़ नवीनीकरण को लेकर व्यापारियों ने उठाए सवाल

अमरावती/दि.9 – शहर के महानगरपालिका अंतर्गत बीओटी मार्केट में वर्षों से व्यवसाय कर रहे दुकानदारों ने अपनी लीज़ के नवीनीकरण को लेकर चिंता व्यक्त की है. व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से लीज़ नवीनीकरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं और इस विषय में राज्य सरकार की नीति के अनुसार निर्णय लिया जाना चाहिए. व्यापारियों के अनुसार, जब बीओटी मार्केट का निर्माण हुआ था, तब उन्होंने महानगरपालिका को भारी प्रीमियम राशि अदा की थी, जो कई मामलों में लगभग मालिकाना हक के बराबर आर्थिक मूल्य रखती थी. व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने अपनी जीवनभर की पूंजी लगाकर बाजार को विकसित किया, रोजगार के अवसर पैदा किए और मनपा को नियमित राजस्व भी दिया है.
व्यापारियों ने यह भी कहा कि लीज़ और उसके नवीनीकरण से संबंधित नीति महाराष्ट्र राज्य सरकार द्वारा पूरे राज्य के लिए बनाई गई है. ऐसे में जब यह नीति पूरे महाराष्ट्र में लागू है तो अमरावती के दुकानदारों को लेकर ही विवाद क्यों पैदा किया जा रहा है, यह सवाल भी उठाया जा रहा है. व्यापारियों का कहना है कि वे किसी विशेष रियायत की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि केवल राज्य सरकार की घोषित नीति के अनुसार लीज़ नवीनीकरण चाहते हैं. इस विषय पर कुछ समाचार पत्रों, मनपा अधिकारियों और कुछ राजनीतिक व्यक्तियों द्वारा अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं, जिससे व्यापारियों में असमंजस की स्थिति बन रही है.
व्यापारियों ने महानगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए राज्य सरकार की नीति के अनुसार जल्द निर्णय लिया जाए, ताकि शहर के व्यापारियों के साथ न्याय हो सके. उन्होंने यह भी कहा कि यदि व्यापारियों के साथ अन्याय हुआ तो भविष्य में मनपा के किसी भी व्यापारी संकुल में व्यापारी सहभागिता को लेकर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है.

Back to top button