17 मार्च की मनपा आमसभा में होगा विषय समिति इलेक्शन
9-9 सदस्यों का 4 समितियों पर चयन

* आयुक्त की ओर से तीन विषयों के प्रस्ताव
* नगरसेवकों द्वारा प्रश्न और प्रस्तावों की झडी
अमरावती/दि.9 – महापालिका की शहर के भीषण साफ-सफाई के मुद्दे पर पहली व विशेष आमसभा पश्चात अब शहरवासियों की नजरें आगामी आमसभा पर टिकी है. यह आमसभा अगले सप्ताह 17 मार्च को होने की जानकारी अधिकृत सूत्रों ने दी है. जिसमें 4 विषय समितियों शिक्षा, शहर सुधार, विधि और महिला व बालकल्याण के 9-9 सदस्यों के चुनाव होने हैं. यह नाम पार्टी निहाय संख्याबल के आधार पर गटनेता सभापति को देते हैं. इस बीच अगले सप्ताह की आमसभा के वास्ते नगरसेवकों के प्रश्न और प्रस्तावों की बौच्छार हो रखी हैं. आयुक्त कार्यालय से ही तीन विषय के प्रस्ताव प्राप्त होने की जानकारी है.
* ताजा जोश, प्रश्नों की झडी
आमसभा के वास्ते नवनिर्वाचित नगरसेवकों द्वारा प्रश्नों और प्रस्तावों की झडी लगाये जाने की जानकारी है. प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि, पिछले ही अनेक प्रश्न और प्रस्ताव अभी प्रलंबित बने हुए हैं. नियमानुसार आने वाले प्रस्तावों को आमसभा की विषय सूची में लेना आवश्यक होता है. कल 10 मार्च को 17 मार्च की आमसभा की अधिसूचना जारी होनी है. जिसके लिए प्रश्नों का नगर सचिव के पास भेजा जाना शुरु है. समाचार लिखे जाने तक शिवसेना पार्षद संजय गव्हाले ने 5, बीजेपी की सुरेखा लुंगारे ने 4, युवा स्वाभिमान की प्रियंका पाटने ने 4, भाजपा के आशीष अतकरे ने 3, कांग्रेस के संजय शिरभाते ने 3, भाजपा के मिलिंद बांबल ने 3, प्रशांत महल्ले ने 3 प्रस्ताव और प्रश्न दिये जाने की जानकारी सूत्रों ने अमरावती मंडल को दी. उल्लेखनीय है कि, 35 से अधिक प्रश्न और प्रस्ताव प्रशासन को प्राप्त हुए हैं. उसी प्रकार पिछली सभा के भी अनेक प्रश्न अभी चर्चार्थ प्रलंबित होने की जानकारी है.
* विषय समितियों के इलेक्शन
नगर सचिव ने बताया कि, स्थायी समिति सदस्यों के समान ही विषय समितियों के चुनाव कराने होते हैं. पार्टियों के गट नेता अपने-अपने दलों के नाम सभापति को देते हैं. सभापति उन नामों की घोषणा करते हैं. 4 विषय समितियों पर 9-9 सदस्यों का चयन 17 मार्च की आमसभा में होने की संभावना है. उपरान्त सभापति और उपसभापति उसकी अगली सभा में चुने जाएंगे. इसके लिए पार्टियों में लॉबिंग होने की चर्चा है. इस बीच नगरसेवकों ने आमसभा के अपने मुद्दे और प्रश्न मनपा प्रशासन को भेजे हैं. उन प्रश्नों को नगरसचिव विषय सूची में सम्मीलित कर बाकायदा अधिसूचना जारी करेंगे. कल यह सूचना नगरसेवकों और संबंधितों को दी जा सकती है. बता दें कि, मनपा की प्रथम आमसभा के बाद सफाई के मुद्दे पर विशेष सभा हुई. जिसमें नगरसेवकों ने शहर के जनता का मूल विषय साफ-सफाई के मुद्दे पर प्रखरता से अपनी भूमिका रखी थी.





