सेवानिवृत्त स्वास्थ्य अधिकारी को झांसा देकर 6.40 लाख रुपए से ठगा
लोणी टाकली थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.11 -पुरानी पहचान का लाभ उठाते हुए एक व्यक्ति ने सेवानिवृत्त स्वास्थ्य अधिकारी को पीएफ की लंबित रकम जल्द दिलाने का झांसा देकर ठग लिया. आरोपी ने पीएफ के 19 लाख रुपए निकालकर देने का भरोसा देकर अलग-अलग समय 6 लाख 40 हजार 935 रुपए ले लिए. पैसे न मिलने पर अपने साथ ठगी होने का पता चलने पर सेवानिवृत्त अधिकारी ने लोणी टाकली थाने में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने ठाणे जिले के अंबरनाथ निवासी आरोपी विजय पांडुरंग तुरूकमाने (55) के खिलाफ मामला दर्ज किया हैं.
जानकारी के मुताबिक डॉ. मुकूंद सदाशीव ढेरे (64) यह स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं. वे जब ठाणे जिले के अंबरनाथ में कार्यरत थे तब उनकी पहचान आरोपी विजय तुरूकमाने से हुई थी. समय के साथ दोनों के बीच अच्छा परिचय हो गया. बाद में डॉ. ढेरे का सेवानिवृत्ति का समय निकट आने से वर्ष 2021 में उनका तबादला उनकी इच्छा के मुताबिक अमरावती जिले के नांदगांव खंडेश्वर तहसील में आनेवाले वडूरा गांव में हो गया. वर्ष 2022 में वे सेवानिवृत्त हो गए. सेवानिवृत्ति के बाद उनके पीएफ की 19 लाख रुपए की फाईल मुंबई के मंत्रालय में संबंधित विभाग में लंबित थी. इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी ने खुद की पहचान और संपर्क होने का हवाला देकर पैसे जल्द निकाल देने का झांसा दिया. इस बहाने आरोपी ने 17 अगस्त 2022 से 3 जुलाई 2025 के बीच अलग-अलग समय पर डॉ. ढेरे से 6 लाख 40 हजार 935 रुपए ले लिए. इसके बावजूद पीएफ की रकम नहीं मिली. डॉ. ढेरे ने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तब उसने पैसे देने से इंकार कर दिया. इस कारण डॉ. ढेरे ने लोणी टाकली थाने में शिकायत दर्ज की. पुलिस ने जालसाजी का मामला दर्ज कर जांच शुरू हैं.





