शराबी पति को पत्नी ने उतारा मौत के घाट
भारी वस्तू से सिर पर किया वार, मौके पर मौत

* आए दिन शराब पीकर घर में किया करता था हंगामा
अमरावती/दि.11- स्थानीय वलगांव पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत खारतलेगांव में रहनेवाले मंगेश देवीदास गोटे (42) को उसकी ही पत्नी ने मारपीट करते हुए सिर पर किसी भारी वस्तू से वार कर मौत के घाट उतार दिया. पता चला है कि, मंगेश गोटे को शराब पीने की लत थी और वह अक्सर ही शराब के नशे में धूत होकर अपनी पत्नी से झगडा करते हुए घर में हंगामा भी किया करता था. जिससे तंग आकर पत्नी ने आज सुबह पति मंगेश गोटे के साथ हुज्जतबाजी की और मामला मारपीट तक जा पहुंचा. इसी दौरान मंगेश की पत्नी ने तैश में आकर उसके सिर पर किसी भारी वस्तू से जोरदार प्रहार किया. इसके चलते सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से मंगेश गोटे की मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक मंगेश के परिवार में 33 वर्षीय पत्नी के साथ ही 13 साल की बेटी व 8 साल का बेटा भी है. मंगेश की पत्नी ही मेहनत मजदूरी के काम करते हुए अपना और अपने परिवार का भरणपोषण करती थी. वहीं मंगेश गोटे दिनभर शराब पीकर पडा रहता था. साथ ही अपनी पत्नी से छोटी-छोटी बातों को लेकर झगडा भी किया करता था. ऐसे ही झगडी की परिणिती आज मंगेश गोटे की हत्या में हुई. घटना की जानकारी मिलते ही शहर पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे तुरंत अपने दलबल सहित खारतलेगांव पहुंचे. वलगांव पुलिस मामले की जांच कर रही है.





