भारतीय महिला क्रिकेट टीम के परफॉर्मेंस एनालिस्ट अनिकेत देशपांडे का हुआ सम्मान
जयका मोटर्स की ओर से टाटा सिएरा वाहन भेंट

अमरावती/दि.12 –भारतीय महिला क्रिकेट टीम से जुड़े परफॉर्मेंस एनालिस्ट अनिकेत अरुण देशपांडे के उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित करते हुए टाटा मोटर्स के स्थानीय वितरक जयका मोटर्स की ओर से उन्हें अत्याधुनिक टाटा सिएरा वाहन भेंट किया गया.
बता दें कि, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल के वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण जीत हासिल की हैं. इस सफलता में टीम के परफॉर्मेंस एनालिस्ट के रूप में कार्यरत अमरावती निवासी अनिकेत देशपांडे का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उनके गहन अध्ययन, विश्लेषण और समर्पित कार्यशैली के कारण टीम को बेहतर रणनीति बनाने में मदद मिली और टीम की सफलता में उनकी भूमिका सराहनीय रही है.
इस उपलब्धि के सम्मान में अमरावती के जयका मोटर्स प्रा. लि. में एक विशेष वाहन वितरण समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान अनिकेत देशपांडे को टाटा सिएरा वाहन की चाबी देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर जयका मोटर्स की जनरल मैनेजर दीपाली खेडेकर, टाटा मोटर्स के एरिया मैनेजर संदीप पेठीना, अमरावती के सेल्स मैनेजर संजय सरोदे सहित कंपनी के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे. उपस्थित मान्यवरों ने अनिकेत देशपांडे के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि अमरावती जैसे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने वाले व्यक्तियों का सम्मान पूरे शहर के लिए गर्व की बात है. जयका मोटर्स की ओर से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने की परंपरा निरंतर जारी है, जिसका उद्देश्य खेल और अन्य क्षेत्रों में प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना है.





