20 को झुलेलाल जयंती पर निकलेगी भव्य-दिव्य शोभायात्रा
14 से 22 मार्च तक मनाया जाएगा झुलेलाल जयंती महोत्सव

* पूरे सप्ताहभर एक से बढकर एक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
* पत्रवार्ता में दी गई सभी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी
अमरावती /दि.16- प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी साईं झुलेलाल वेलफेयर फाउंडेशन व झुलेलाल जयंती महोत्सव द्वारा चेट्रीचंड पर्व के निमित्य सिंधी समाज के इष्ट देवता झुलेलाल साईं का जन्मोत्सव बडी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा. जिसके तहत 14 से 22 मार्च तक झुलेलाल जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया है और इस महोत्सव के अंतर्गत आगामी 20 मार्च को शहर में झुलेलाल साईं की भव्य-दिव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, इस आशय की जानकारी आज यहां बुलाई गई पत्रवार्ता में आयोजक संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा दी गई.
इस पत्रवार्ता में बताया गया कि, आगामी 20 मार्च को दोपहर 4 बजे राजकमल चौक के पास स्थित नेहरु मैदान से झुलेलाल साईं की भव्य-दिव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. जिसके उपरांत राजकमल चौक पर शाम 4.30 बजे सिंधी समाज की सभी पूज्य पंचायतों सहित सिंधी एवं हिंदू संगठनों व धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों की उपस्थिति में साईं झुलेलाल की महाआरती की जाएगी. जिसके उपरांत यह शोभायात्रा राजकमल चौक से आगे निकलकर श्याम चौक, नाईक मार्केट, प्रभात टॉकीज, जवाहर रोड, जयस्तंभ चौक, आदर्श होटल, चौधरी चौक, राम-लक्ष्मण संकुल, रामपुरी कैम्प, नानक नगर व कृष्णा नगर होते हुए सहकार नगर पहुंचेगी. जहां पर पूरे विधि-विधान के साथ इस शोभायात्रा का समापन होगा. इस शोभायात्रा में मुख्य आकर्षण साईं झुलेलाल के बहिराणा साहिब की झांकी रहेगी. जिसके तहत ट्रैक्टर पर अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी. साथ ही इस शोभायात्रा में वारकारी दिंडी, महाकाल झांझ पथक, संदल, ढोल-ताशे, बग्घी का भी समावेश रहेगा. इसके अलावा इस शोभायात्रा के लिए जगह-जगह पर शरबत एवं प्रसाद की व्यवस्था विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा की जाएगी. साथ ही शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर इस शोभायात्रा का जल्लोषपूर्ण स्वागत भी होगा. शोभायात्रा के समापन पश्चात बहिराणा साहिब की अखंड ज्योत को पूजा-अर्चना पल्ला पढकर जल में विसर्जित किया जाएगा.
इसके अलावा 14 से 22 मार्च तक चलनेवाले झुलेलाल जयंती महोत्सव के तहत रविवार 15 मार्च को सुबह 10 बजे कृष्णा नगर स्थित बजाज धर्मशाला में निशुल्क रोगनिदान शिविर व शाम 5 बजे रामपुरी कैम्प मिठ्ठु चक्की चौक से भव्य बाइक रैली, सोमवार 16 मार्च को सुबह 11 से शाम 8 बजे तक बजाज धर्मशाला में महिला गृह उद्योग प्रदर्शनी, मंगलवार 17 मार्च को शाम 7 बजे पत्रकार कॉलोनी स्थित विद्याभारती स्कूल में रॉक स्टार नील के सुफी रैप धमाल, बुधवार 18 मार्च को शाम 6.30 बजे विद्याभारती स्कूल में सिंधी खानपान आनंद मेला, गुरुवार 19 मार्च को शाम 7 बजे विद्याभारती स्कूल में अंकूर नटराजन एंड ग्रुप (कानपुर) द्वारा अघोरी नृत्य व राधा-कृष्ण रासलिला, शुक्रवार 20 मार्च को दोपहर 12 बजे रामपुरी कैम्प स्थित काकी मां दरबार में साईं झुलेलाल पूजन, आरती, बहिराणा साहब व अखंड ज्योत प्रज्वलित, शनिवार 21 मार्च को बजाज धर्मशाला में मातृ-पितृ पूजन दिवस रविवार 22 मार्च को रात 8 बजे भव्य महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा. इन सभी आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही शहर की सभी सिंधी पंचायतों के अध्यक्ष एवं सिंधी व हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे.
इस पत्रवार्ता में झुलेलाल जयंती महोत्सव समिति-2026 के अध्यक्ष राजकुमार राजदेव, कार्याध्यक्ष रामचंद्र आहुजा व सचिव सुरेश गंगवानी तथा साई झुलेलाल वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष बंटी पारवानी व सचिव पवन वासवानी सहित दोनों संगठनों के पदाधिकारी बडी संख्या में उपस्थित थे.