मोटरसाइकिल छुड़ाने के पैसों को लेकर हुआ विवाद

पत्नी ने गला दबाया, नाबालिग बेटे ने सिर पर वार किया

* प्राणघातक हमले में पति ने दम तोडा, मां-बेटे गिरफ्तार
* चालीसगांव के आंबेहोल गांव की घटना
जलगांव/दि.12 – जिले के चालीसगांव ग्रामीण थाना क्षेत्र के आंबेहोल गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. गिरवी रखी गई मोटरसाइकिल छुड़ाने के लिए पैसों की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी और उसके 17 वर्षीय बेटे पर परिवार के मुखिया की हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान करणसिंग रामसिंग पवार के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि करणसिंग ने अपनी मोटरसाइकिल गिरवी रखी थी और उसे छुड़ाने के लिए उन्होंने पत्नी अरुणाबाई पवार से पैसों की मांग की थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया. विवाद के दौरान 17 वर्षीय पुत्र भी बीच में आ गया. आरोप है कि झगड़े के दौरान अरुणाबाई ने रस्सी से पति का गला दबाया, जबकि बेटे ने साइकिल के पंप से उनके सिर पर वार किए. गंभीर चोटों के कारण करणसिंग की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस सूत्रों के अनुसार परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था. मृतक पर शराब पीकर घर में विवाद करने और परिवार की जमीन बिना सहमति के बेचने के आरोप लगते रहे थे. इन्हीं कारणों से घर में अक्सर झगड़े होते थे. घटना की सूचना मिलते ही चालीसगांव ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी पत्नी और नाबालिग बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इस घटना ने आंबेहोल गांव सहित पूरे चालीसगांव क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. पारिवारिक विवाद के इतने भयावह अंत ने स्थानीय लोगों को भी स्तब्ध कर दिया है.

Back to top button