चिखलदरा न.प. के कुछ नगरसेवक शिंदे सेना की राह पर!

आज या कल में हो सकता है बडा उलटफेर

* पर्यटननगरी में राजनीति जमकर गरमाई
* चर्चाओं एवं अटकलों का बाजार तेज
चिखलदरा/दि.12 – इस समय चिखलदरा नगर परिषद में चल रही राजनीतिक सरगर्मी की वजह से पर्यटननगरी में वातावरण जमकर गरमाया हुआ है. दैनिक अमरावती मंडल को सुत्रों के हवाले से पता चला है कि, चिखलदरा नगर परिषद के कुछ नगरसेवक डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्ववाली शिवसेना की राह पर है तथा उन नगरसेवकों द्वारा अगले एक-दो दिनों के दौरान शिंदे गुटवाली शिवसेना में प्रवेश किया जा सकता है.
मिली जानकारी के मुताबिक, चिखलदरा नगर परिषद के कुुछ नगरसेवकों की हाल-फिलहाल ही अमरावती जिले से वास्ता रखनेवाले शिवसेना के प्रमुख लीडर व विधायक बच्चू कडू से इस बारे में चर्चा भी हो चुकी है. लेकिन आज दोपहर तक संबंधित पार्षदों का आपसी तालमेल नहीं बैठने की वजह से उनका शिंदे सेना में प्रवेश टल गया. खबर यह भी है कि, चिखलदरा नगर परिषद के कुछ नगरसेवक आज शाम ही मुंबई के लिए रवाना हो सकते है. जिनका कल अथवा परसो शिंदे गुटवाली शिवसेना में प्रवेश हो सकता है.
ध्यान देनेवाली बात यह भी है कि, चिखलदरा नगर परिषद के सभी नगरसेवक आज दोपहर तक चिखलदरा में ही थे. जिनकी चिखलदरा में मौजुदगी को देखते हुए यह सवाल भी पूछा जा रहा है कि, कुछ पार्षदों द्वारा पाला बदले जाने को लेकर क्या केवल अटकले ही लगाई जा रही है, या फिर अंदर ही अंदर कुछ पार्षदों द्वारा बडे गोपनिय तरीके से पाला बदलने की तैयारी पूरी हो चुकी है. जिसकी किसी को भनक तक नहीं लगने दी जा रही. ऐसे में अब सभी की निगाहें अगले एक-दो दिनों के दौरान होनेवाले राजनीतिक उलटफेर पर टिकी हुई है.

Back to top button