नागपुर में तीन नई एमआईडीसी का रास्ता साफ, महिंद्रा लगाएगी बड़ा उद्योग
करीब 4 हजार हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण की तैयारी, सैकड़ों युवाओं को मिलेगा रोजगार

नागपुर/दि.12 – महाराष्ट्र के औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में नागपुर जिले को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. जिले में तीन नई महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमआईडीसी) स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है. इसके साथ ही ऑटोमोबाइल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी द्वारा भी नए औद्योगिक प्रकल्प की स्थापना की योजना बनाई जा रही है, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा निवेश आकर्षित करने और उद्योगों के विस्तार के लिए विभिन्न जिलों में भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की गई है. इसी कड़ी में नागपुर जिले के तीन क्षेत्रों में नई एमआईडीसी विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है.
* तीन तहसिलों में बनेंगी नई एमआईडीसी
सूत्रों के मुताबिक नागपुर जिले में वर्तमान में 16 एमआईडीसी कार्यरत हैं. अब नागपुर ग्रामीण, सावनेर तथा रामटेक-पारशिवनी क्षेत्र में तीन नई औद्योगिक बस्तियां विकसित की जाएंगी. नागपुर ग्रामीण क्षेत्र में अतिरिक्त बुटीबोरी एमआईडीसी विकसित की जाएगी. इसके लिए आसोला, सावंगी, मांगली और घोगली क्षेत्र की लगभग 714 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जाएगी. सावनेर तालुका में करीब 2100 हेक्टेयर भूमि पर नई एमआईडीसी विकसित करने की योजना है. रामटेक-पारशिवनी क्षेत्र के पटगोवारी, आमडी, नयाकुंड और चिंचभुवन गांवों में लगभग 1150 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जाएगी. इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 4 हजार हेक्टेयर भूमि औद्योगिक विकास के लिए प्रस्तावित की गई है.
* महिंद्रा का नया प्रकल्प
सूत्रों के अनुसार बुटीबोरी क्षेत्र में विकसित होने वाली नई एमआईडीसी में महिंद्रा कंपनी अपना औद्योगिक प्रकल्प स्थापित करने की तैयारी कर रही है. हालांकि कंपनी किस प्रकार का उद्योग शुरू करेगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. बताया जा रहा है कि भूमि चयन की प्रक्रिया कंपनी की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर की गई है. इस प्रकल्प के शुरू होने से नागपुर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे. प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को इसका लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है.
* किसानों का विरोध भी शुरू
दूसरी ओर प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर कुछ क्षेत्रों में किसानों ने आपत्ति जताई है. कई गांवों में किसानों ने अपनी कृषि भूमि उद्योगों के लिए देने पर चिंता व्यक्त की है. प्रशासन की ओर से कुछ स्थानों पर भूमि अधिग्रहण कानून के तहत, जबकि कुछ क्षेत्रों में आपसी सहमति और मुआवजा वार्ता के माध्यम से जमीन अधिग्रहित करने की तैयारी की जा रही है. सूत्रों के अनुसार कई स्थानों पर भूमि मापन का कार्य शुरू हो चुका है और जल्द ही अधिग्रहण प्रक्रिया को औपचारिक रूप दिया जाएगा.
* निवेश का नया केंद्र बन रहा नागपुर
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह जिले नागपुर में हाल के वर्षों में औद्योगिक निवेश बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है. नई एमआईडीसी और प्रस्तावित औद्योगिक प्रकल्पों के चलते नागपुर विदर्भ क्षेत्र का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि यदि प्रस्तावित परियोजनाएं समय पर पूरी हुईं तो नागपुर क्षेत्र में रोजगार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिलेगी.





