पूर्व महापौर किरण महल्ले बनी राष्ट्रीय पिछडा वर्ग आयोग की सदस्य

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की नियुक्ति, सर्वत्र हो रहा अभिनंदन

* अमरावती के प्रभावशाली नेतृत्व की दिल्ली ने ली दखल
अमरावती/दि.18 – अमरावती शहर की पूर्व महापौर एवं भाजपा नेत्री किरणताई महल्ले को राष्ट्रीय पिछडा वर्ग आयोग में सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है. पूर्व महापौर किरणताई महल्ले की नियुक्ति खुद महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा की गई है. इस उपलब्धि हेतु पूर्व महापौर किरणताई महल्ले का सर्वत्र अभिनंदन हो रहा है. साथ ही माना जा रहा है कि, उनकी इस नियुक्ति के जरिए अमरावती सहित विदर्भ क्षेत्र से वास्ता रखनेवाली किरणताई महल्ले के प्रभावी नेतृत्व कौशल्य एवं राजनीतिक अनुभव का आखिरकार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली द्वारा लोहा माना गया.
बता दें कि, भारतीय जनता पार्टी के प्रति पूरी तरह से समर्पित रहनेवाली कार्यकर्ता के तौर पर परिचित पूर्व महापौर किरणताई महल्ले का राजनीतिक व सामाजिक सफर बेहद प्रेरणादायक कहा जा सकता है. उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा की प्रदेश सचिव जैसे संगठनात्मक पदों पर अपनी जिम्मेदारी को बखुबी निभाया. साथ ही वे अमरावती शहर की महापौर भी रह चुकी है तथा महापौर के रुप में उनका काम बेहद उल्लेखनीय रहा. राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी समर्पित व सक्रिय रहते हुए पूर्व महापौर किरणताई महल्ले ने राजाराम प्रतिष्ठान के जरिए समूचे विदर्भ क्षेत्र में कई वर्षों तक जनसेवा के लिए काम किया है. महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय व सर्वसमावेशी विकास के लिए उनके सतत प्रयास ही उनकी पहचान रहे है. जिसके चलते किरणताई महल्ले को राजनेता के साथ-साथ समाज के वंचित, पिछडे एवं जरुरतमंद वर्गों के लिए उम्मीद किरण भी कहा जाता है. उनके द्वारा किए गए ऐसे ही कामों को ध्यान में रखते हुए अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर एक बडी जिम्मेदारी सौंपी गई है. जिसके तहत उन्हें राष्ट्रीय पिछडा वर्ग आयोग में सदस्य के तौर पर चुना गया है.
बता दें कि, राष्ट्रीय पिछडा वर्ग आयोग में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के साथ 3 सदस्यों का समावेश रहता है. ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर काम करनेवाले 5 सदस्यीय आयोग में अमरावती से वास्ता रखनेवाली पूर्व महापौर किरणताई महल्ले की नियुक्ति होना अपने-आप में एक बडी बात है. अपनी इस नियुक्ति के जरिए अब राष्ट्रीय पिछडा वर्ग आयोग की सदस्य के तौर पर पूर्व महापौर किरणताई महल्ले द्वारा पिछडा वर्गीयों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर काम किया जा सकेगा. जिसके तहत वे राष्ट्रीय स्तर पर पिछडा वर्गीयों की समस्याओं व शिकायतों का निराकरण कर सकेंगी.
* ओबीसी संवर्ग की समस्याओं को हल करना पहली प्राथमिकता
राष्ट्रीय पिछडा वर्ग आयोग में सदस्य के तौर पर नियुक्ति के उपरांत दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष तौर पर बातचीत करते हुए भाजपा नेत्री व पूर्व महापौर किरणताई महल्ले ने कहा कि, सबसे अव्वल तो वे अपनी इस उपलब्धि का पूरा श्रेय महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को देती है. अपने पद के साथ जुडी जिम्मेदारियों के बारे में बातचीत करते हुए किरणताई महल्ले ने कहा कि, जाति वैधता से संबंधित मामले बेहद संवेदनशील होते है. जिन्हें लेकर आयोग के पास शिकायते व सुझाव मिलने का सिलसिला लगातार जारी रहता है. इस समय भी राज्य में 32 पिछडी जातियां ऐसी है, जिनका समावेश ओबीसी संवर्ग में नहीं है. ऐसे मामलों को लेकर राष्ट्रीय पिछडा वर्ग आयोग द्वारा विचार-विमर्श करते हुए मसौदा तैयार किया जाता है, जिसे राष्ट्रपति के पास भेजा जाता है. पश्चात राष्ट्रपति के जरिए उस मसौदे को संसद में प्रस्तुत किया जाता है, जिसे मंजूरी मिलने के बाद संसद द्वारा कानून पारित किया जाता है. इस बातचीत में राष्ट्रीय पिछडा आयोग की नवनियुक्त सदस्य भूतपूर्व महापौर किरणताई महल्ले ने यह भी बताया कि, आयोग की अध्यक्षा तथा पूर्व मंत्री व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति ने आज ही अपना पदभार ग्रहण किया है. जिसके बाद अब बहुत जल्द आयोग की राजधानी नई दिल्ली में पहली बैठक होगी. जिसमें हिस्सा लेने के लिए वे भी दिल्ली जाएंगी और इसके बाद पिछडा वर्गीयों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर क्या कुछ किया जा सकता है, इसे लेकर कामों का प्रारुप तैयार किया जाएगा.
बॉक्स/फोटो-प्रतिदिन से.
* पार्षद ऋषिकेश देशमुख ने किया अभिनंदन
भाजपा नेत्री व पूर्व महापौर किरणताई महल्ले को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आदेश पश्चात राष्ट्रीय पिछडा वर्गीय आयोग में सदस्य के तौर पर नियुक्त किए जाने की जानकारी मिलते ही भाजपा पार्षद ऋषिकेश देशमुख ने अपने मित्र परिवार सहित तुरंत ही पूर्व महापौर किरणताई महल्ले से उनके निवासस्थान पर भेंट की और पुष्पगुच्छ सौंपते हुए उनका इस नियुक्ति पर अभिनंदन भी किया. इस समय पार्षद ऋषिकेश देशमुख ने कहा कि, पूर्व महापौर किरणताई महल्ले की पहचान समर्पित भाव से सेवा कार्य, प्रभावी निर्णय क्षमता एवं जबरदस्त जनसंपर्क है. साथ ही उनकी इस उपलब्धि के जरिए अमरावती सहित समूचे विदर्भ क्षेत्र का नाम देश में उंचा हुआ है.

Back to top button