पेट्रोल-डीजल भरपूर, चुनिंदा जगह पर मिलेगा केरोसीन
कंपनियां और प्रशासन तय करेंगे डीलर

* जिले के 150 से अधिक पंपों पर पर्याप्त इंधन
अमरावती/दि.19 – शहर और जिले के सभी 150 से अधिक पेट्रोल पंपों पर अभी तो भरपूर मात्रा में इंधन होने की जानकारी डीलर्स एसो. ने दी है. उन्होंने बताया कि, तीनों कंपनियों एचपीसीएल, बीपीसीएल, आईओसी सहित निजी कंपनियों के भी सप्लाई यथावत बने हुए हैं. एक भी पंप ड्राय नहीं हुआ है. कंपनियां बराबर निगरानी कर रही है और क्षमता तथा खपत के अनुसार माल सप्लाई कर रही है.
* निर्देशों का पालन, हो रहा वॉच
सूत्रों ने अमरावती मंडल को बताया कि, सरकारी तेल कंपनियों द्वारा केंद्र के निर्देशों का पालन करने के साथ सभी पंपों की निगरानी बराबर की जा रही है. इसी कारण माल सप्लाय रेगुलर बना हुआ है. उसी प्रकार पंपों को ड्राय नहीं होने दिया जा रहा. यदि कोई पंप ड्राय हुआ तो उसकी वजह बराबर देखी जा रही है. सूत्रों ने बताया कि, केरोसीन उपलब्ध करवाने की सरकार की योजना पर स्थानीय प्रशासन को साथ लेकर निर्णय होगा.
* कमेटी तय करेगी केरोसीन डीलर
कौन से पंपों पर केरोसीन उपलब्ध करवाना है, इसका निर्णय तेल कंपनियों के प्रादेशिक अधिकारियों तथा अमरावती जिला प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में होगा. यह जानकारी देते हुए सूत्रों ने बताया कि, जिले में गिनती के पंपों पर ही केरोसीन उपलब्ध रहेगा. इसका निर्णय तहसील अथवा शहरस्तर पर एक या दो पंपों को ही केरोसीन की अनुमति रहेगी.
* कहां हैं स्टोव और चूल्हे
अधिकारियों से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि, केरोसीन पर भोजन बनाने की पर्यायी व्यवस्था के विषय में सोचा गया है. किंतु केरोसीन बंद हुए अरसा बीत गया. ऐसे में केरोसीन आधारित स्टोव और चूल्हें की अत्यल्प मात्रा को देखते हुए ही सीमित मात्रा में जिले में दो-चार जगह ही केरोसीन उपलब्ध कराया जा रहा है.





