अप्रैल में हावड़ा-मुंबई रेलमार्ग पर 19 ट्रेनें रद्द

गोंदिया मेगा ब्लॉक से यात्रियों को लगेगा झटका

गोंदिया/नागपुर /दि.19- रेलवे के आधुनिकीकरण कार्यों के चलते गोंदिया रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित मेगा ब्लॉक के कारण हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर रेल सेवाएं प्रभावित होने जा रही हैं. इस दौरान कुल 19 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कई अन्य ट्रेनों के मार्ग और समय में बदलाव किया गया है. रेलवे प्रशासन के अनुसार यह मेगा ब्लॉक 5 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक लागू रहेगा. इस अवधि में कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा, जिससे हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर असर पड़ेगा.
बताया गया है कि गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 3 पर वॉशेबल एप्रन हटाकर बैलेस्टेड ट्रैक बिछाने का कार्य किया जाएगा. यह कार्य रेल सुरक्षा, गति और यात्री सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से किया जा रहा है. रद्द की गई ट्रेनों में शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, कोरबा-अमृतसर एक्सप्रेस, अमृतसर-बिलासपुर एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़ एक्सप्रेस और विशाखापट्टनम-निजामुद्दीन एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की गाड़ियां शामिल हैं. इसके अलावा कई पैसेंजर ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द या सीमित मार्ग पर चलाया जाएगा.
इस निर्णय का सबसे अधिक असर दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों पर पड़ने की संभावना है. यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ेगा. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य जांच लें और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था करें. अधिकारियों के अनुसार यह असुविधा अस्थायी है और कार्य पूर्ण होने के बाद रेल सेवाओं में सुधार देखने को मिलेगा.

Back to top button