खिलाडियों हेतु प्रतिभा विकास केन्द्र

चुने जायेंगे तीन खेलों के 20-20 खिलाडी

* कुश्ती, शूटिंग और मैदानी खेलों का समावेश
अमरावती / दि.20 – मिशन लक्षवेध अंतर्गत खेल और युवा संचालनालय पुणे ने जिले में तीन खेलों के लिए प्रतिभा विकास केन्द्र स्थापित करने की घोषणा की है. जिसमें कुश्ती, निशानेबाजी और मैदानी खेलों का समावेश है. तीनों ही खेल प्रकार में 20-20 खिलाडियों का चयन होगा. उन्हें आगे ट्रेनिंग देकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर का खिलाडी बनाने में सहायता और सुविधा दी जायेगी.
8-10 अप्रैल में होगा चयन
मिशन लक्षवेध अंतर्गत ओलंपिक स्तर के खिलाडी बनाने का लक्ष्य रखा गया है. स्वयं मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने पिछले सप्ताह राज्य का बजट प्रस्तुत करते हुए मिशन लक्षवेध की घोषण की है. 12 प्रकार के खेलों पर ध्यान केन्द्रीत किया जायेगा. कुश्ती, निशानेबाजी और मैदानी खेलों के खिलाडियों का चयन आगामी 8 से 10 अप्रैल दौरान होगा. इसके लिए खिलाडियों को आगामी 30 मार्च तक जिला खेल अधिकारी के पास आवेदन प्रस्तुत करना होगा. आवेदन के साथ सभी संबंधित कागजात पेश करना बंधनकारक किया गया है.

खिलाडियों के लिए स्वर्णिम अवसर
जिला खेल अधिकारी गणेश जाधव ने कहा कि प्रतिभा विकास केन्द्र की स्थापना निश्चित ही खिलाडियों के लिए बेहतरीन अवसर है. जिला स्तर पर चयन के लिए अधिकाधिक खिलाडियों से आवेदन करने का आवाहन भी खेल अधिकारी ने किया. उन्होंने बताया कि तीनों खेल प्रकार के अमरावती में अच्छे खिलाडी, प्रतिभाएं हैं.

विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण
खेल व युवा संचालनालय ने बताया कि चुने गये खिलाडियों को राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे. उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास होगा. मिशन लक्षवेध अंतर्गत खेल प्रशिक्षण मशनरी, मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना, खेल स्पर्धा का आयोजन, खिलाडियों को प्रोत्साहन और पुरस्कार देना है. खिलाडियों की क्षमता विकास हेतु देशी- विदेशी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जायेगा. विभाग स्तर पर खेल विशेषज्ञता केन्द्र और जिला स्तर पर प्रतिभा विकास केन्द्र स्थापित किए जारहे हैं.

Back to top button