अमरावती में पर्याप्त ईंधन भंडार, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें
जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने नागरिकों से अनावश्यक खरीद और भंडारण से बचने की अपील

अमरावती/दि.26 – अमरावती जिले में ईंधन की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है. जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने बताया कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है. उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल अधिकृत जानकारी पर ही भरोसा रखें. घबराहट में आकर ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें तथा आवश्यकता के अनुसार ही खरीद करें, जिससे सभी नागरिकों को सुचारु आपूर्ति मिलती रहे.
जिला प्रशासन द्वारा ईंधन कंपनियों के पास उपलब्ध भंडार के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि, अमरावती में भारत पेट्रोलियम कंपनी का पेट्रोल 400 केएल व डीजल 450 केएल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी का पेट्रोल 320 केएल व डीजल 284 केएल, इंडियन ऑयल कंपनी का पेट्रोल 500 केएल व डीजल 550 केएल तथा नायरा एनर्जी कंपनी का पेट्रोल 385 केएल व डीजल 275 केएल उपलब्ध है. इसके अतिरिक्त 533 केएल पेट्रोल और 742 केएल डीजल मार्ग में है, जो शीघ्र ही जिले में पहुंच जाएगा. प्रशासन द्वारा विभिन्न कंपनियों के लिए संपर्क अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में नागरिक तुरंत संपर्क कर सकें.
जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने यह भी कहा कि नागरिक पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न करें और संयम बनाए रखें. प्रशासन के अनुसार अमरावती जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रित है. ऐसे में अफवाहों से बचते हुए जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करना आवश्यक है.





