स्टोन क्रशर व आरएमसी प्लांट बंद करने की मांग तेज

नागरिकों का आंदोलन, नगरसेविका सुरेखा लुंगारे, विनोद तानवैस आक्रामक

* अत्याधिक धूल उडने से नागरिकों के स्वास्थ्य को खतरा
अमरावती/वडगांव/दि.26- वडगांव माहोरे क्षेत्र में स्टोन क्रशर और आरएमसी प्लांट के विरोध में स्थानीय नागरिकों ने जोरदार आंदोलन छेड़ दिया. नगरसेविका सुरेखाताई लुंगारे ने स्पष्ट कहा कि स्टोन क्रशर और आरएमसी प्लांट बंद होना ही चाहिए, क्योंकि इनसे निकलने वाली अत्यधिक धूल के कारण नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है.
बताया गया कि 18 फरवरी 2026 को पालकमंत्री के शिकायत निवारण मेले में इस संबंध में शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज नागरिकों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया. इस आंदोलन में नगरसेविका सुरेखा लुंगारे के साथ विनोद तानवैस सहित कई स्थानीय नेता और ग्रामीण शामिल हुए. आंदोलन के दौरान महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारी संजय पाटील अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. नागरिकों ने आरोप लगाया कि स्टोन क्रशर लगातार प्रदूषण विभाग के नियमों का उल्लंघन करते हुए वायु प्रदूषण फैला रहा है, जिससे पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र को नुकसान हो रहा है. प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नियमों के उल्लंघन को ध्यान में रखते हुए स्टोन क्रशर और आरएमसी प्रकल्प को बंद करने के लिए मुंबई स्थित मुख्य कार्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
इस बीच, राजस्व विभाग के उपजिल्हाधिकारी अनिल भटकर ने भी आंदोलन स्थल का दौरा किया. उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी को देखते हुए डीएमओ विभाग के माध्यम से प्रकल्प बंद करने के लिए पत्र जारी किया जाएगा. इसके बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया. वहीं, नांदगांव पेठ पुलिस स्टेशन के थाणेदार दिनेश दहातोंडे ने भी नागरिकों का समर्थन करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया. आंदोलन में अक्षय गजाननराव चव्हाण, प्रशांत किटूकले, ऋषी पडोले, राहुल नेमाडे, चंद्रशेखर दारोकार, नंदू गौरकर, हरीश मेश्राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

Back to top button