वंदे भारत ट्रेन के खाने में निकली इल्लियां

रेलवे ने आईआरसीटीसी पर लगाया 10 लाख का जुर्माना

* भोजन की आपूर्ति करनेवाले ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट रद्द
नई दिल्ली /दि.26- वंदे भारत एक्सप्रेस में खराब भोजन गुणवत्ता की शिकायत के बाद रेलवे मंत्रालय ने सख्त कार्रवाई करते हुए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. वहीं संबंधित कैटरिंग सेवा प्रदाता पर 50 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाते हुए उसका कॉन्ट्रैक्ट भी रद्द कर दिया गया है.
यह मामला पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 21896) से जुड़ा है, जहां 15 मार्च 2026 को एक यात्री ने परोसे गए खाने में कीड़े यानि इल्लियां मिलने की शिकायत की थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे ने तत्काल जांच शुरू की. जांच में पाया गया कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों में गंभीर लापरवाही हुई थी. रेलवे बोर्ड ने इसे गंभीर मामला मानते हुए आईआरसीटीसी की निगरानी में कमी को भी जिम्मेदार ठहराया. जिसके चलते रेलवे ने आईआरसीटीसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही संबंधित सेवा प्रदाता पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और कैटरिंग ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया. साथ ही साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी के निर्देश जारी किए.
रेलवे मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस घटना के बाद रेलवे ने सभी संबंधित अधिकारियों और कैटरिंग एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य सुरक्षा, गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें. वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में इस तरह की घटना सामने आने के बाद रेलवे ने कड़ा संदेश दिया है कि यात्रियों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

Back to top button