नगराध्यक्षा आये बिना शादी नहीं, दूल्हे की अनोखी जिद
दूल्हा बारात लेकर पहुंचा नगर परिषद

चांदूर रेल्वे /दि.28 – शहर में दूल्हे की जिद का एक अनोखा मामला सामने आया है. जिसमें दूल्हे ने कहा कि, नगराध्यक्ष के शादी में आये बिना शादी नहीं करुंगा. ऐसी जिद करते हुए दूल्हा सीधे नगर परिषद कार्यालय बारात लेकर पहुंचा. इस अनोखी बारात को देखकर पालिका कर्मी व वहां उपस्थित नागरिकों में आश्चर्य और हंसी का वातावरण बन गया.
मासोद (तह. कारंजा) निवासी शेख इशाद शेख इस्त्राइल की शादी सावंगी मग्रापुर की कैफिया आजमी मन्नान बेग के साथ तय हुई थी. शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थी और मेहमान भी मंडप में पहुंच चुके थे. लेकिन नगराध्यक्षा प्रियंका विश्वकर्मा अभी तक शादी में नहीं पहुंची थी. काफी इंतजार करने के बाद दूल्हे ने एक अनोखा फैसला लिया. अपने भाई डॉ. हनीफ हाफिज शेख और अन्य रिश्तेदारों के साथ वह सीधे बारात लेकर नगर परिषद कार्यालय पहुंच गया और बैठ गया. दूल्हे ने साफ कहा कि, नगराध्यक्ष हमारे साथ आये बिना मैं शादी नहीं करुंगा.
अचानक नगर परिषद में पहुंची इस स्पेशल बारात को देखकर कर्मचारी और नागरिकों में हंसी और हैरानी का माहौल बन गया. खास बात यह रही कि, दूल्हे के भाई डॉ. हनीफ हाफिज शेख यह नगराध्यक्षा प्रियंका विश्वकर्मा के पति नीलेश विश्वकर्मा के मित्र है. जिससे माहौल और भी दिलचस्प हो गया. आखिरकार दूल्हे की जिद मानते हुए नगराध्यक्षा प्रियंका विश्वकर्मा ने अपना काम कुछ देर के लिए छोड दिया और अपने पति डॉ. नीलेश विश्वकर्मा के साथ मंडप के लिए रवाना हुई. इसके बाद ही शादी की रस्में संपन्न हुई. इस अनोखी जिद के कारण यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. नगराध्यक्षा के बिना शादी नहीं यह घटना लोगों के बिच खुब सुर्खिया बटोर रही है.