पत्नी की गला दबाकर हत्या, लाश फेंकी नदी में

वर्धा के सेलू की वारदात

* अमरावती की प्रणिता से डेढ वर्ष पहले ही हुआ था विवाह
वर्धा /दि.28 सेलू थानांतर्गत मोर्चापुर में घरेलू विवाद से पति ने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी और सबूत मिटाने लाश को पेंच नदी में फेंक दिया. परिजन और पुलिस को गुमराह करने पति ने थाने में भी पत्नी की गुमशुदा की रिपोर्ट लिखाई. पुलिस की कडी पूछताछ में आखिर पति ने अपराध कबूल कर लिया. मृतका का नाम प्रणिता चोरपगार है. वह अमरावती जिले के दाताला की बेटी थी. डेढ वर्ष पहले ही उसका अक्षय चोरपगार के साथ विवाह हुआ था.
पुलिस ने आरोपी अक्षय को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के अनुसार 22 मार्च की रात प्रणिता अपने पीहर में थी, तब अक्षय चोरपगार कार से प्रणिता को लाने ससुराल पहुंचा. 23 मार्च की सुबह दोनों पति-पत्नी कार से अपने दो वर्ष के पुत्र के साथ मोर्चापुर हेतु निकले बीच रास्ते केलझर के पास पति-पत्नी के बीच झगडा हो गया. बात बढ गई और आरोपी अक्षय ने प्रणिता का गला दबाकर खून कर दिया. फिर उसने प्रणिता का शव नदी में फेंक दिया.
इतने पर भी उसने नागपुर के सोनेगांव थाने में जाकर रिपोर्ट दी कि, पत्नी गूम हो गई है. उधर पुलिस ने पेंच नदी में शव मिलने से मर्ग दाखिल किया. इधर मृतका के परिजनों को आरोपी अक्षय के व्यवहार पर संदेह हुआ. उन्होंने पुलिस को शिकायत दी. पुलिस की कडी पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. सेलू पुलिस और मृतका के परिजन मध्यप्रदेश के अमरवाडा पहुंचे. जहां शव की पहचान की गई. आरोपी का कस्टडी रिमांड लिया गया है.

Back to top button