शेयर मार्केट में डूबे लाखों!
कर्ज से परेशान श्रमिक की आत्महत्या

* बिजीलैंड मॉल की घटना
अमरावती/दि.28 – शेयर मार्केट में निवेश के लिए 5 राष्ट्रीय बैंकों से लाखों रुपए का लोन लेने वाले एक कामगार ने नांदगांव पेठ के बिजीलैंड व्यापारी संकुल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस कामगार का नाम रोहित छगनलाल रंक (30, जामनगर, गुजरात) बताया गया है.
नांदगांव पेठ थाने के उपनिरीक्षक गणेश राउत ने बताया कि, उक्त व्यापारी संकुल में मोटर पंप विक्री का एक गोदाम है. वहां रोहित रंक और गुजरात के उसके साथीदार काम पर थे. दोनों एक ही जगह रहते थे. गत 4 दिनों से काम के कारण रोहित वीआरएल गैरेज के बगल में मोटर पंप के गोदाम में ही सो रहा था. गुरुवार को मित्र ने फोन किया तो रोहित ने रिसिव नहीं किया. तब मित्र बिजीलैंड संकुल पहुंचा. उसने शटर उठाकर देखा तो रोहित रंक फांसी पर लटका नजर आया. उसने तुरंत पुलिस को खबर की.
नांदगांव पेठ पुलिस ने मौके पर पहुंच मोबाइल की जांच की तो रोहित द्वारा कुछ बैंकों से लाखों का कर्ज लिये जाने का खुलासा हुआ. उसने गत 25 मार्च को ही 24 लाख का कर्ज लेकर वह रकम शेयर मार्केट में निवेश की थी. उसका लेन-देन गूगल पे से दिखाई देने की जानकारी उपनिरीक्षक गणेश राउत ने दी. पुलिस का भी अंदाज है कि, इसी वजह से रोहित रंक ने आत्महत्या की होगी.





