भतीजे और भाभी ने मिलकर की चाचा की हत्या
प्राकृतिक मौत का रचा था नाटक

अकोला/दि.28 – समीपस्थ मूर्तिजापुर तालुका के वाई (माना) गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी भाभी ने मिलकर अपने ही चाचा की हत्या कर दी और इसे प्राकृतिक मौत बताने की कोशिश की. मृतक की पहचान संजय रामकृष्ण भटकर (50) के रूप में हुई है. 26 मार्च की सुबह उनका शव घर के गोठे (पशुशाला) में मिला. भतीजे ने पुलिस को सूचना देते हुए इसे सामान्य मौत बताया, जिसके आधार पर प्रारंभ में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने राज खोल दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि भटकर की मौत गला घोंटने (दम घुटने) से हुई है. इससे यह स्पष्ट हो गया कि यह हत्या का मामला है.
इस रिपोर्ट के सामने आते ही पुलिस ने मृतक के भतीजे स्वप्निल भटकर और उसकी भाभी संगीता भटकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की. सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली. उन्होंने बताया कि पारिवारिक/व्यक्तिगत विवाद के चलते यह वारदात की गई. जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.





