डोमिनोज के बाद फ्रूटी-कैंडी जूस पर एफडीए का शिकंजा
तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में 11 घंटे चली छापेमारी

* एक्सपायरी उत्पादों का बड़ा जखीरा जब्त
मुंबई/दि.14 – खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है. डोमिनोज पिज्जा के कई आउटलेट्स पर कार्रवाई के बाद अब एफडीए ने मुंबई के चेंबूर स्थित पार्ले एग्रो के एक गोदाम पर छापा मारकर एक्सपायरी डेट पार कर चुके फ्रूटी, ऐपी फिज, कोल्ड ड्रिंक्स और कैंडी जूस का बड़ा स्टॉक जब्त किया है.
एफडीए अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई 13 अगस्त की शाम 6 बजे शुरू हुई और 14 अगस्त की सुबह 5 बजे तक चली. करीब 11 घंटे तक चली इस छापेमारी में आठ अधिकारियों की टीम शामिल थी. जांच के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी डेट पार कर चुके पेय पदार्थ पाए गए. एफडीए ने एक लाख रुपये से अधिक मूल्य का स्टॉक जब्त कर लिया. इसके साथ ही माल परिवहन में उपयोग किए जा रहे दो वाहनों को भी अपने कब्जे में लिया गया.
कार्रवाई के बाद गोदाम को सील कर दिया गया है. एफडीए के अगले आदेश तक यहां से किसी भी खाद्य उत्पाद की बिक्री, भंडारण या परिवहन पर रोक लगा दी गई है.
* डोमिनोज आउटलेट्स पर भी हुई थी कार्रवाई
इससे पहले एफडीए ने मुंबई के विले पार्ले पश्चिम, बोरिवली पश्चिम और घाटकोपर पश्चिम स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट्स के लाइसेंस निलंबित किए थे. इसके अलावा मलकापुर और सातारा के डोमिनोज आउटलेट्स पर भी कार्रवाई की गई थी. ये सभी आउटलेट्स जुबिलेंट फूडवर्क्स के संचालन में थे. एफडीए की जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं. अधिकारियों के अनुसार कुछ आउटलेट्स में पेयजल व्यवस्था खराब थी, खाद्य सामग्री के भंडारण में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था, कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) की व्यवस्था अपर्याप्त थी तथा साफ-सफाई के मानकों का भी उल्लंघन पाया गया था.
* खाद्य सुरक्षा पर सख्त रुख
तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में एफडीए ने हाल के दिनों में खाद्य पदार्थों में मिलावट, एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया है. विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
* आम लोगों ने किया स्वागत
खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर लगातार हो रही कार्रवाई को आम नागरिकों का समर्थन मिल रहा है. लोगों का कहना है कि बाजार में बिकने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ऐसी सख्त निगरानी आवश्यक है. एफडीए अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे किसी भी खाद्य उत्पाद को खरीदने से पहले उसकी निर्माण एवं समाप्ति तिथि अवश्य जांचें और किसी प्रकार की गड़बड़ी दिखाई देने पर संबंधित विभाग को सूचना दें.