सेंट्रल जेल के कर्मियों पर कैदी ने किया हमला

गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी

अमरावती /दि.30 – स्थानीय मध्यवर्ती कारागार में बंद रहनेवाले एक कैदी द्वारा जेल के कर्मचारी के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मार देने की धमकी देने और उस पर हमला करने का मामला सामने आया है. जिसे लेकर जेल प्रशासन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर फ्रेजरपुरा पुलिस ने चरणदास राजपाल (22) नामक कैदी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराधिक मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक अमरावती सेंट्रल जेल में शनिवार की सुबह 9 बजे के आसपास चरणदास राजपाल को प्रवेश प्रक्रिया के लिए जेल परिसर के न्यू बैरिकेड क्षेत्र में ले जाया जा रहा था. इस दौरान चरणदास राजपाल ने जेल कर्मचारी ऋत्विक सुधीर बोरकर के साथ अश्लिल गाली-गलौज करते हुए उससे हाथापाई की. साथ ही उस पर पानी से भरी बाल्टी फेंककर मारी. चरणदास राजपाल के इस व्यवहार की वजह से जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था एवं अनुशासन की स्थिति प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया था. ऐसे में घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी तुरंत ही वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. जिसके बाद यह मामला पुलिस थाने तक पहुंचा.
अमरावती मध्यवर्ती कारागार द्वारा दी गई लिखित शिकायत एवं ड्यूटी अधिकारी के रिपोर्ट के आधार पर फ्रेजरपुरा पुलिस ने आरोपी चरणदास राजपाल के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा डालने सहित सरकारी कर्मचारी के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने से संबंधित धाराओं के तहत अपराधिक मामला दर्ज किया है. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है.

Back to top button