241 जलापूर्ति योजना प्रकल्पों पर लगेंगे सोलर यूनिट
जलापूर्ति योजना होगी बिजली के बिलों से मुक्त

* विधायक प्रताप अडसड के प्रयास सफल
धामणगांव रेल्वे/दि.31– निर्वाचन क्षेत्र की तीनों तहसीलों के जलजीवन मिशन व राष्ट्रीय ग्रामीण जलापूर्ति योजना के प्रकल्पों पर सोलर यूनिट लगाये जाने की प्रक्रिया शुरु होगी. 241 जलापूर्ति योजना प्रकल्पों पर यह सोलर यूनिट लगाये जाएंगे. जिसके लिए क्षेत्र के विधायक प्रताप अडसड द्वारा प्रयास किये गये थे, जो सफल रहे. सोलर यूनिट के कारण जलापूर्ति योजना बिजली बिलों से मुक्त होगी.
धामणगांव रेल्वे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के धामणगांव रेल्वे, चांदूर रेल्वे व नांदगांव खंडेश्वर इन तीन तहसीलों के ग्रामीण क्षेत्र में जलजीवन मिशन व राष्ट्रीय ग्रामीण जलापूर्ति योजनांतर्गत जलापूर्ति योजना पूर्ण हुई है. जलापूर्ति योजना के बिजली बिल ग्रामपंचायत को बडे प्रमाण में आ रहे थे. ग्रामपंचायत बिल अदा करने सक्षम नहीं है. ग्रामपंचायतों पर बिजली का बिल बकाया होने से विद्युत आपूर्ति खंडित कर दी जाती है. जिससे नागरिकों को असुविधा होती है.
असुविधा टालने के उद्देश्य से नांदगांव खंडेश्वर तहसील के 113, चांदूर रेल्वे तहसील के 76, धमाणगांव रेल्वे तहसील के 52 जलजीवन मिशन व राष्ट्रीय ग्रामीण जलापूर्ति योजना प्रकल्प पर सोलर यूनिट स्थापित किये जाने के लिए विधायक प्रताप अडसड ने सतत प्रयास किये थे. ेउनके सतत प्रयासों के चलते राज्य सरकार द्वारा दखल लेकर तीनों ही तहसील के जलापूर्ति योजना प्रकल्पों पर सोलर यूनिट स्थापित किये जाएंगे. इसके लिए प्रशासन स्तर पर प्रक्रिया शुरु हो चुकी है. विधायक अडसड द्वारा किये गये प्रयासों को लेकर तीनों तहसीलों के सरपंच, उपसरपंच तथा ग्रापं सदस्य व ग्रामवासियों ने उनका आभार व्यक्त किया.
* अब प्रत्येक शासकीय कार्यालय पर सोलर यूनिट
धामणगांव रेल्वे निर्वाचन क्षेत्र की तीनों तहसीलों की ग्रामपंचायत, तहसील कार्यालय, पंचायत समिति, नगर परिषद कार्यालय आईटीआई, तहसील कृषि अधिकारी कार्यालय, उपविभागीय अधिकारी कार्यालय तथा सभी प्रशासकीय कार्यालयों पर जिला नियोजन समिति अंतर्गत मेडा के माध्यम से सोलर यूनिट स्थापित किये जाने के लिए विधायक प्रताप अडसड द्वारा प्रयास किये गये. सोलर यूनिट स्थापित करने की प्रक्रिया निर्वाचन क्षेत्र में युद्ध स्तर पर चलाई जा रही है. आगामी काल में शासकीय कार्यालयों पर सोलर यूनिट स्थापित किये जाएंगे. जिससे बिजली के बिलों से मुक्ति मिलेगी.





