अमरावती मनपा बजट बैठक में पार्षद अजय जयसवाल ने उठाए अहम मुद्दे

बडनेरा के विकास को लेकर सभी पार्षद एकजुट

* पार्षद किशोर जाधव ने सोमवार बाजार के विकास का मुद्दा उठाया
अमरावती/दि.30– अमरावती महानगरपालिका की अर्थसंकल्पीय विशेष सर्वसाधारण सभा में प्रभाग क्रमांक 22 के पार्षद अजय जयसवाल ने क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे जोरदार तरीके से उठाए. नगरसेवक किशोर जाधव ने सोमवार बाजार के लिए विकास निधि में बढोतरी करने की जोरदार मांग की. बडनेरा शहर के विकास के लिए वायएसपी के सभी पार्षद एकजुट दिखाई दिए. पार्षदों की इस मांग का गटनेता नाना आमले और पार्षद प्रशांत वानखडे ने भी जोरदार समर्थन किया.
बैठक के दौरान अजय जयसवाल ने बडनेरा स्थित मोदी अस्पताल में लंबे समय से बंद पड़े प्रसूति केंद्र को तत्काल शुरू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी. इसके साथ ही उन्होंने बडनेरा के लिए मंजूर 25 लाख रुपये के विशेष निधि को बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये करने की मांग रखी. वहीं, बडनेरा के आठवड़ी बाजार के विकास के लिए 15 लाख रुपये की मौजूदा राशि को बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव भी रखा. पार्षद जायसवाल ने प्रभाग 22 के समग्र विकास से जुड़े अन्य मुद्दे भी सभा में प्रस्तुत किए. इस दौरान स्थायी समिति के सभापति अविनाश मार्डीकर ने उनकी मांगों का समर्थन करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. पार्षद किशोर जाधव ने भी सभा में कहा कि बडनेरा शहर के नई बस्ती में हर सोमवार को भरनेवाले साप्ताहिक बाजार में बडनेरा के आसपास के 30 से 40 गांव के ग्रामवासी आते हैं. लेकिन इस बाजार में स्ट्रीट लाइट, व्यापारियों को बैठने के लिए ओटे, सुलभ शौचालय की व्यवस्था नहीं है. इसके लिए बजट में निधि बढाकर उसे एक करोड रूपए करने की मांग की. इस सुझाव तक वायएसपी के गटनेता नाना आमले, पार्षद प्रशांत वानखडे समेत सभी पार्षदों ने समर्थन किया. बडनेरा के सभी पार्षद विकास के मुद्दे को लेकर एकजुट नजर आए

Back to top button