फर्जी आधार कार्ड के जरिए हो रहा था बाल विवाह

बार्शीटाकली की घटना, अकोला पुलिस ने समय पर की बडी कार्रवाई

* सतर्कता से टला एक बड़ा अपराध, पुलिस की तत्परता से बचा नाबालिग का भविष्य
अकोला/दि.31 – अकोला जिले में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की का बाल विवाह रुकवाया और इस दौरान फर्जी आधार कार्ड के जरिए उम्र छिपाने के गंभीर मामले का भी खुलासा किया है. इस घटना से प्रशासन और पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है.
जानकारी के अनुसार, बार्शीटाकली क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की शादी की तैयारी चल रही थी. विवाह को वैध दिखाने के लिए लड़की की उम्र अधिक दर्शाने हेतु फर्जी आधार कार्ड तैयार किया गया था. इस मामले की भनक पुलिस को लगते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शादी को रुकवाया. जांच के दौरान सामने आया कि आधार कार्ड में लड़की की जन्मतिथि में छेड़छाड़ कर उसे बालिग दिखाने की कोशिश की गई थी. पुलिस ने मौके से संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए हैं और पूरे प्रकरण की गहन जांच शुरू कर दी है.
इस मामले में विवाह आयोजन से जुड़े लोगों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाल विवाह और दस्तावेजों की जालसाजी जैसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह जैसी घटना की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

Back to top button