राज्य में 10 आईएएस अधिकारियों के तबादले
फर्जी दिव्यांग मामलों पर कार्रवाई करने वाले तुकाराम मुंढे का भी हुआ ट्रांसफर

मुंबई /दि.31- महाराष्ट्र सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं. इन तबादलों में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. सबसे चर्चित नाम तुकाराम मुंढे का है, जिन्हें दिव्यांग कल्याण विभाग से हटाकर अब आपदा प्रबंधन, पुनर्वसन और राहत कार्य विभाग में सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है. मुंढे अपने सख्त प्रशासनिक रवैये के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने दिव्यांग विभाग में रहते हुए बोगस दिव्यांग प्रमाणपत्रों के जरिए नौकरी पाने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की थी.
* अश्विनी भिडे बनीं मुंबई की नई आयुक्त
सरकार ने अश्विनी भिडे को मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद से हटाकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका का आयुक्त नियुक्त किया है. यह नियुक्ति मुंबई प्रशासन के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है.
* मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव बने लोकेश चंद्र
लोकेश चंद्र को महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी से स्थानांतरित कर मुख्यमंत्री का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है. वहीं विकासचंद्र रस्तोगी को वित्त विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्तीय सुधार) के रूप में नियुक्त किया गया है.
इसके अलावा अन्य प्रमुख तबादलो में विनिता वैद्य सिंघल (मृद एवं जलसंधारण विभाग की प्रधान सचिव), परिमल सिंह (कृषि विभाग में सचिव), माणिक गुरसल (दिव्यांग कल्याण विभाग के सचिव), प्रेरणा देशभ्रतार (मत्स्यव्यवसाय विभाग की आयुक्त) व पृथ्वीराज बी. पी. (वसई-विरार महानगरपालिका के आयुक्त) के तबादलों का समावेश है.
इन व्यापक तबादलों को प्रशासनिक सुधार और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. खासतौर पर तुकाराम मुंढे के तबादले को लेकर चर्चा तेज है, क्योंकि उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में कई विवादित लेकिन कड़े फैसले लिए थे. सरकार के इस निर्णय से आने वाले दिनों में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिल सकता है.





