खादी उत्पादन बढा, 54 करोड की विक्री

एक दशक में दो करोड लोगों को रोजगार

* वोकल फॉर लोकल से भी प्रोत्साहन
वर्धा/दि.6– नागपुर विभागीय खादी ग्रामोद्योग संलग्न 13 संस्थाओं के माध्यम से लगभग 4 हजार कारीगर जुडे हैं. उनके मार्फत पिछले 5 वर्षो में करीब 20 करोड का खादी उत्पादन किया गया है. विक्री की बात करें तो यह भी बढकर 54 करोड 40 लाख टर्न ओवर पार कर गई है. खादी की बढती लोकप्रियता और बढते मार्केट विस्तार के संकेत मिल रहे हैं. विविध खादी संस्थाओं के माध्यम से 3997 कारीगर को रोजगार प्राप्त हुआ है. खादी उत्पादन और विपणन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ करने में बल मिल रहा है.
4250 यूनिट स्थापित
पिछले 5 वर्षो में प्रधानमंत्री रोजगार निर्मिति कार्यक्रम (पीएमईजीपी) अंतर्गत नागपुर संभाग में 109 करोड का अनुदान देकर 4250 यूनिट की स्थापना की गई. जिससे 25589 रोजगार पैदा किए गये. अधिकारियों का कहना है कि वोकल फॉर लोकल उदघोष से स्थानीय उत्पादनों को तेजी से पहचान मिल रही है. मेक फॉर द वर्ल्ड उपक्रम से उत्पादनों को अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में स्थान प्राप्त होने का दावा करते हुए बताया गया कि ग्रामोद्योग विकास योजना अंतर्गत विदर्भ में 4196 औजार यूनिट बांटे गये. जिससे 1820 कारीगरों को रोजगार प्राप्त हुआ.
क्या कहते हैं आयोग के अध्यक्ष
आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार ने दावा किया कि केन्द्र सरकार की नीतियों के कारण खादी और ग्रामोद्योग उत्पादनों को विश्वस्तर पर पहचान मिल रही है. पिछले दशक में खादी और ग्रामोद्योग का टर्न ओवर 1.7 लाख करोड से अधिक रहा. दो करोड से अधिक लोगों को रोजगार देने का दावा उन्होंने किया. गोपुरी में ग्राम सेवा मंडल की ओर से ग्रामोद्योग विकास योजना अंतर्गत मशीनें और टूलकीट का वितरण मनोज कुमार के हस्ते किया गया. 340 लाभार्थियों को 848 मशीने वितरित की गई.

Back to top button