सीईओ सत्यम गांधी ने आते ही दिखाया अपना सादापन

बचत गट की कैंटींन में बैठकर किया चाय-नाश्ता

* आम व्यक्ति की तरह बिल का किया भुगतान
* जुते बाहर उतारने के बारे में भी पूछा
अमरावती/दि.7- अमरावती जिला परिषद के नवनियुक्त सीईओ सत्यम गांधी ने गत रोज अमरावती आकर अपना पदभार स्वीकार करने के साथ ही इस बात का बेहतरीन उदाहरण पेश किया कि, भले ही वे एक आईएएस अधिकारी है. लेकिन उनके पांव पूरी तरह से जमीन परप है और वे किसी भी सामान्य व्यक्ति की तरह बेहद सादे ढंग से जीवन जीने व व्यवहार करने में भरोसा रखते है.
गत रोज अमरावती जिला परिषद के सीईओ के तौर पर अपना पदभार संभालने के कुछ ही देर बाद आईएएस अधिकारी सत्यम गांधी ने अपने वातानुकूलित कक्ष को छोड दिया और वे सीधे महिला बचत गट की कैंटींन में पहुंच गए. जहां पर उन्होंने किसी सामान्य व्यक्ति की तरह बैठकर पालक पराठा का नाश्ता किया. इस समय चाय-नाश्ता होने के बाद जब सीईओ गांधी ने अपने बिल के बारे में पूछा, तो कैंटींन संचालक महिला ने संकोचवश पैसे लेने से मना कर दिया. जिस पर सीईओ गांधी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि, यदि उनसे पैसे नहीं लिए गए, तो वे कैंटींन के क्यूआर कोड को स्कैन करते हुए सीधे एक हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर देंगे. जिसके बाद कैंटींन के संचालक महिला ने उन्हें उनका बिल 40 रुपए होने की बात बताई, तो सीईओ गांधी ने तुरंत अपने मोबाइल से क्यूआर कोड को स्कैन करते हुए 100 रुपए का ऑनलाइन पेमेंट किया. खास बात यह रही कि, महिला बचत गट की कैंटींन का मुआयना करने पहुंचे सीईओ सत्यम गांधी से जब बचत गट की महिलाओं ने पराठा खाने का निवेदन किया, तो सीईओ गांधी ने बेहद विनम्रता के साथ यह जानना चाहा कि, वे अपने जुते बाहर ही निकाल दें. यह सुनते ही मौके पर उपस्थित सभी लोग सीईओ गांधी की सादगी व विनम्रता के कायल हो गए. इस समय कैंटींन संचालक महिला द्वारा जुता उतारने से मना करने पर सीईओ गांधी ने कैंटींन की बेहद सामान्य सी कुर्सी पर बैठकर अपने हाथों में प्लेट लेते हुए पालक पराठा का आस्वाद लिया और आग्रह किए जाने पर छांछ पीने का भी आनंद लिया. इस दौरान सीईओ सत्यम गांधी ने बचत गट की कैंटींन चलानेवाली महिलाओं से संवाद भी साधा.
बता दें कि, महाराष्ट्र राज्य ग्रामीण जीवनोंन्नति अभियान (उमेद) अंतर्गत चांदुर रेलवे तहसील के मांजरखेड कसबा स्थित धनलक्ष्मी स्वयसहायता समूह की महिलाओं द्वारा जिला परिषद में कैटींन चलाई जाती है. जहां पर सोमवार को पदभार स्वीकार करने के तुरंत बाद सीईओ सत्यम गांधी ने भेंट दी और जानना चाहा कि, आज कैंटींन में क्या खास है. साथ ही उन्होंने कैंटींन चलानेवाली महिलाओं से बडी ही आस्थापूर्वक बातचीत की.

Back to top button