अज्ञात वाहन की टक्कर में एक मृत, एक घायल
शिराला-पुसदा मार्ग की घटना, चालक फरार

अमरावती /दि.7– तेज रफ्तार से दौड रहे अज्ञात चारपहिया वाहन ने दुपहिया को पीछे से उडा दिया. इस सडक हादसे में एक की मृत्यु हो गई तथा दूसरा गंभीर रुप से घायल होने की घटना 4 अप्रैल की शाम शिराला-पुसदा मार्ग के शालिनी पेट्रोल पंप के पास घटित हुई. मृतक का नाम टेंभा निवासी पंडित दिनकरराव ठाकरे (60) है. जबकि जख्मी का नाम अरुण भगतराव मोरे (75) हैं.
जानकारी के मुताबिक जख्मी और मृतक मोटर साइकिल क्रमांक एमएच-27/एएस-9198 पर सवार होकर अमरावती से टेंभा गांव की तरह जा रहे थे. शाम 7.30 बजे के दौरान पुसदा गांव के पास शालिनी पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आने वाले सफेद रंग के अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी दुपहिया को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गये. पंडित ठाकरे के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आने से उनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. जबकि अरुण मोरे पर उपचार जारी है. इस घटना में वलगांव पुलिस ने भिवापुर निवासी आशीष ज्ञानेश्वर ठाकरे की शिकायत पर मामला दर्ज किया है.





