अंजनगांव सुर्जी का कथित मांत्रिक ताहीर रशीद बेग नागपुर पुलिस की गिरफ्त में

लापता पति को वापिस खोज निकालने के नाम पर किया दुष्कर्म

* अंजनगांव के डब्बीपुरा का निवासी है कथित मांत्रिक ताहीर बेग
अमरावती/नागपुर/दि.7 – इस समय जहां एक ओर जादूटोने व तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिलाओं को अपने जाल में फांसनेवाले नाशिक के अशोक खरात का मामला जबरदस्त ढंग से चर्चा में है, वहीं लगभग इससे ही मिलता-जुलता एक मामला नागपुर से सामने आया है. जहां पर ताहीर रशीद बेग नामक 65 वर्षीय व्यक्ति ने तंत्र-मंत्र का झांसा देकर एक विवाहित महिला को अपने जाल में फांसा और फिर उससे दुष्कर्म करने के बाद फरार हो गया. पश्चात महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर नागपुर पुलिस ने अंजनगांव सुर्जी के डब्बीपुरा परिसर में रहनेवाले ताहीर रशीद बेग नामक कथित तांत्रिक को गत रोज ही गिरफ्तार किया. जिसे अब नागपुर ले जाकर उससे पूछताछ की जा रही है.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक नागपुर में रहनेवाली 36 वर्षीय पीड़िता घरकाम कर अपना जीवनयापन करती है, जिसका पति विगत 15 अक्टूबर 2025 को अचानक ही बिना कुछ बताए घर से चला गया था, जिसके कारण उक्त पीडिता मानसिक रूप से परेशान थी. पश्चात तलाश करने पर वह मध्यप्रदेश में मिला. रिश्तेदारों की सहायता से पीडिता उसे नागपुर ले आयी. पश्चात कुछ दिनों बाद यानि 30 अक्तूबर 2025 को फिर से वह घर से चला गया. तब से उसका कही पता नहीं चला. महिला की शिकायत पर सक्करदरा पुलिस ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की थी. कुछ दिन पूर्व महिला एक विवाह समारोह में गई तब वहां उसकी पहचान आरोपी ताहीर रशीद बेग के साथ हुई. ताहीर ने खुद की पहचान एक मांत्रिक के रुप में की. गुमशुदा पति की तलाश करने और उसे वापिस लाने की शक्ति अपने पास रहने का दावा उसने किया. महिला के घर मे ंएक विशेष विधि करने का उसने दिखावा किया. महिला के घर पहुंचने के बाद उसने महिला को एक कमरे में बुलाया. पश्चात महिला की चचेरी बहन को उसने कमरे के बाहर जाने के लिए कहा. उसने महिला के अन्य रिश्तेदारों को एक स्थान पर बैठा दिया. उनके सामने आरोपी ने तेल का दीया और अगरबत्ती जलाई और सभी को इस दीये की ज्योत की तरफ देखने की सूचना दी. कुछ समय बाद वह उस महिला को घर की उपरी मंजिल पर लेकर गया. अकेले में पूजा करने के बहाने उसने उस महिला पर अत्याचार किया. इतना ही नहीं, आरोपी बाद में महिला के घर भी गया और वहां भी उसके साथ दोबारा अत्याचार किया. घटना के बाद भय के कारण पीड़िता कुछ समय तक चुप रही, लेकिन बाद में साहस जुटाकर उसने सक्करदरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आरोपी ताहीर रशीद बेग की खोजबीन करते हुए उसेे अमरावती जिले के अंजनगांव सुर्जी स्थित डब्बीपुरा परिसर से गिरफ्तार किया. आरोपी को अपनी हिरासत में लेने के बाद नागपुर पुलिस उसे अपने साथ नागपुर लेकर गई है. जहां पर पूछताछ के दौरान अब यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि, आरोपी ताहीर रशीद बेग ने इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है अथवा नहीं. इस घटना के चलते इस समय नागपुर के साथ-साथ अमरावती के ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छा-खासा हडकंप व्याप्त है.                                                                                                 * अंजनगांव पुलिस को नहीं थी कोई जानकारी
– थानेदार बोंडे ने जताई अनभिज्ञता
वहीं इस बारे में जब दैनिक ‘अमरावती मंडल’ ने जानकारी हेतु अंजनगांव सुर्जी पुलिस स्टेशन के थानेदार बोंडे से टेलिफोनिक संपर्क किया, तो उन्होंने इस मामले से पूरी तरह अनभिज्ञता दर्शायी. साथ ही कुछ समय बाद मामले को लेकर जानकारी हासिल करते हुए बताया कि, नागपुर पुलिस ने उनके थाना क्षेत्र में आकर बिना कोई पूर्व सूचना दिए आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की है. जबकि ऐसा करने से पहले अमुमन लोकल पुलिस को सूचित किया जाना चाहिए और लोकल पुलिस की सहायता लेते हुए ही उनके थाना क्षेत्र से किसी संदिग्ध आरोपी को उठाया जाना चाहिए. इसके साथ ही थानेदार बोंडे ने यह भी कहा कि, अंजनगांव सुर्जी के डब्बीपुरा परिसर में रहनेवाले ताहीर रशीद बेग के खिलाफ फिलहाल अंजनगांव सुर्जी पुलिस के पास कोई शिकायत या मामला दर्ज नहीं है. हालांकि अब चूंकि नागपुर पुलिस द्वारा ताहीर रशीद बेग को हिरासत में लिया गया है. जिसके चलते अब ताहीर रशीद बेग के नागपुर पुलिस अथवा वहां की अदालत से छुटने पर उसे अंजनगांव सुर्जी पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में लिया जाएगा और यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि, कहीं उसने अंजनगांव सुर्जी सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में तो इस तरह की वारदातों को अंजाम नहीं दिया.

Back to top button