आज घोषित हो सकती वोटर लिस्ट, वकील संघ चुनाव 1 मई को

अनिल विश्वकर्मा और बबलू देशमुख में होड के आसार

* महिला आरक्षण लागू, अब कार्यकारिणी में चार पद महिलाओं को
अमरावती/ दि.10 – जिला वकील संघ के वार्षिक चुनाव आगामी 1 मई को होने की संभावना है. आज प्रारूप मतदाता सूची घोषित हो रही है. जिसके फाइनल होते ही चुनाव कार्यक्रम घोषित होगा और चुनाव अधिकारी भी नियुक्त होंगे. इस बार के चुनाव की विशेषता यह है कि महिलाओं के लिए चार पद सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार आरक्षित किए जा रहे हैं. फलस्वरूप महिला वर्ग की चुनाव में भागीदारी बढनेवाली है. निश्चित ही महिला उम्मीदवारों की संख्या भी बढेगी. जिला न्यायालय व वकीलोें में शुरू चर्चा के अनुसार वरिष्ठ एडवोकेट अनिल विश्वकर्मा तथा एड. प्रशांत उर्फ बबलू देशमुख के बीच अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होने की संभावना है. लॉबिंग शुरू हो जाने की भी खबर है.
एक माह का विलंब
महाराष्ट्र और गोआ बार कौन्सिल के पंचवर्षीय चुनाव के कारण इस बार वकील संघ का चुनाव पूरे एक माह विलंब से होने जा रहा है. दूसरी वजह यह भी बताई गई कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार वकील संघ के संविधान में जरूरी संशोधन करना था. इसे भी करीब एक माह की अवधि लगती है. यह प्रक्रिया हाल ही में पूर्ण की गई. इससे वकील संघ कार्यकारिणी में महिलाआेंं के लिए 30 प्रतिशत पद आरक्षित किए गये हैं. ऐसे में 13 सदस्यीय वकील संघ कार्यकारिणी में अब चार पद महिलाओं के लिए रहेंगे. इतना ही नहीं तो भविष्य में महिलाएं भी अध्यक्ष बन सकती है. सचिव और उपाध्यक्ष पद महिला वकील सुशोभित कर चुकी है. निवर्तमान कार्यकारिणी में भी तीन महिलाएं चुनी गई थी. महिला आरक्षण के कारण महिला वकीलों में निश्चित ही चुनाव को लेेकर उत्सुकता है.
प्रारूप मतदाता सूची
लगभग 1600 सदस्य वाली प्रारूप मतदाता सूची आज घोषित किए जाने की संभावना है. उस पर आक्षेप मंगवाने के साथ अगले सप्ताह के प्रारंभ में फाइनल मतदाता सूची जारी होगी और चुनाव अधिकारी व चुनाव कार्यक्रम घोषित होंगे. नामांकन की तिथियों के साथ विड्रॉल की तिथि जारी होगी. जरूरत पडी तो 1 मई को ही वकील संघ की नई कार्यकारिणी चुनने इलेक्शन होगा. अमरावती के वकीलों से चर्चा की तो बताया गया कि उपरोक्त दोनों नाम एड. विश्वकर्मा और एड. बबलू देशमुख अध्यक्ष पद के दावेदार हो सकते हैं. अन्य पदाधिकारियों के नामों की भी चर्चा हो रही है. बता दें कि पिछले वर्ष देश के प्रधान न्यायाधीश पद पर अमरावती के अपने न्या. भूषण गवई की नियुक्ति के कारण वकील संघ के अध्यक्ष पद को लेकर बडी होड रही थी. प्रधान न्यायाधीश के भव्य सत्कार समारोह के साथ अन्य कार्यक्रमों की भी रेलचेल रही. इस बार भी चुनाव को लेकर दिलचस्पी बराबर दिखाई दे रही है. अब अगले सप्ताह चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ हलचल तीव्र होगी.

Back to top button