अमरावती आयुक्तालय में 30 नये वाहन हस्तांतरित
अपराधों पर अंकुश में होगा इस्तेमाल

* पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के हस्ते भव्य लोकार्पण
* थपथपाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला की पीठ
अमरावती/दि.10- पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के हस्ते हरी झंडी दिखाकर आज दोपहर अमरावती पुलिस आयुक्तालय में 30 नये वाहन का लोकार्पण किया गया. जिसमें 15 स्कॉर्पिओ और 15 बोलेरो का समावेश रहा. इस समय पालकमंत्री ने पुलिस आयुक्त राकेश ओला द्वारा शहर की अपराधिक गतिविधियों और अवैध धंधों पर अंकुश लगाने की जा रही लगातार कोशिशों का उल्लेख कर उनकी प्रशंसा की. वहीं अमरावती आयुक्तालय को साधनों की कमी न होने देने की बात कही. पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि, डीपीसी से भरपूर फंड उपलब्ध करवाकर अमरावती के कानून व व्यवस्था को कायम रखा जाएगा.
इस समय महापौर श्रीचंद तेजवानी, विधायक संजय खोडके, विधायक सुलभा खोडके, विधायक राजेश वानखडे, एसआईजी रामनाथ पोकले, सीपी राकेश ओला, जिलाधीश आशीष येरेकर, पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, पूर्व मंत्री प्रविण पोटे पाटिल और अन्य प्रमुखता से उपस्थित थे. उसी प्रकार आयुक्तालय अंतर्गत सभी डीसीपी, एसीपी और अफसरान की मौजूदगी रही.
पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि, वाहनों का होना आवश्यक है. अमरावती आयुक्तालय के बेडे में दो दर्जन से अधिक जीप वाहनों का आज समावेश किया जा रहा है, जो समस्त शहर में पेट्रोलिंग करने के साथ अपराधों पर नियंत्रण रखने का काम करेगी. उपयोगी होगी. उन्होंने कहा कि, गुन्हेगारों को दबोचने में वाहन काम आएंगे. अमरावती की सुरक्षा को लेकर महायुति सरकार तत्पर रहने का दावा भी उन्होंने किया. पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने और भी वाहन तथा साधनों के लिए डीपीसी से भरपूर फंड उपलब्ध करवाने का भरोसा इस समय दिलाया.





