मां ने रची बेटे की हत्या का साजिश

25 हजार की सुपारी देकर पत्थर से कुचलकर हत्या

हिंगोली /दि.11- जिले के सेनगांव तालुका में मां ने बेटे की हत्या की सुपारी दी होने का मामला उजागर हुआ है. बेटा अनैतिक संबंधों में बाधा बन रहा था, इसलिए यह हत्या करवाई गई, ऐसा पुलिस जांच में सामने आया है. मृत युवक का नाम सचिन रामकिशन राजगुरु है.
इस घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि सेनगांव तालुका के जामदया शिवार में 8 अप्रैल को एक युवक का खून से लथपथ शव मिला था. शव की पहचान के लिए पुलिस ने उसका फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया. बाद में पता चला कि वह बुलढाणा जिले के लोणार तालुका के वढव गांव का रहने वाला सचिन रामकिशन राजगुरु है. इसके बाद पुलिस ने यह जांच शुरू की कि उसकी हत्या किसने की.
इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने जांच तेज कर दी. अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश मीना और उपविभागीय पुलिस अधिकारी राजकुमार केंद्रे के मार्गदर्शन में विशेष टीम ने जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक सचिन की मां लीलाबाई के रामदास तनपुरे नाम के व्यक्ति के साथ अनैतिक संबंध थे. इन संबंधों में सचिन बाधा बन रहा था, इसलिए उसे खत्म करने की साजिश रची गई. लीलाबाई के कहने पर रामदास तनपुरे ने नरेश पवार को 25 हजार रुपये की सुपारी दी.
8 अप्रैल को मेहमानों के यहां जाना है ऐसा कहकर सचिन को दोनों अपने साथ ले गए. साखरा में उसे शराब पिलाई गई. नशे की हालत में उसे जामदया शिवार में ले जाकर उसके सिर पर पत्थर मारकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है. मामले की जांच जारी है. 48 घंटे के भीतर अपराध का खुलासा करने पर संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को इनाम देने की घोषणा की गई है, ऐसा पुलिस अधीक्षक ने बताया.

Back to top button