अब पीएम मित्र टेक्साईल पार्क हुआ उत्पादन के लिए तैयार
नांदगांव पेठ का स्किल डेवलपमेंट सेंटर बनेगा देशभर में मॉडल

* केंद्रीय वस्त्रोद्योग आयुक्त वृंदा देसाई ने लिया प्रकल्प का जायजा
* प्रकल्प के विभिन्न पहलुओं की हुई समीक्षा
* केंद्र व राज्य के अधिकारी हुए शामिल
अमरावती/ दि.14– भारत सरकार की वस्त्रोद्योग आयुक्त वृंदा देसाई ने सोमवार को नांदगांव पेठ अतिरिक्त एमआईडीसी क्षेत्र में विकसित हो चुके पीएम मित्र टेक्सटाईल पार्क का निरीक्षण कर इसे देश के औद्योगिक विकास का उभरता केंद्र बताया. साथ ही कहा अब उत्पादन के लिए तैयार हो चुका हैं. करीब 1020 एकड में फैले इस महत्वाकांक्षी प्रकल्प को लेकर उन्होंने कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए. जिससे यह परियोजना अब तेज गति से आगे बढने के संकेत दे रही हैं. निरीक्षण के दौरान यहां स्थापित स्किल डेवलपमेंट सेंटर की सराहना करते हुए आयुक्त ने कहा कि उद्योगों को गति देने के लिए कुशल मानव संसाधन अत्यंत आवश्यक हैं. इसी तर्ज पर महाराष्ट्र सहित देश के सभी औद्योगिक क्षेत्र में स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किए जाने चाहिए, ताकि उद्योगों को प्रशिक्षित श्रमिक सहज उपलब्ध हो सकें. इस तरह नांदगांव पेठ एमआईडीसी का यह सेंटर देशभर में मॉडल साबित होने जा रहा हैं.
वृंदा देसाई ने पीएम मित्र टेक्सटाईल पार्क में तैयार इन्फ्रास्ट्रक्चर को उच्च स्तर का बताते हुए कहा कि यह प्रकल्प अब उत्पादन शुरू करने की स्थिति में पहुंच चुका हैं और जल्द ही यहां औद्योगिक गतिविधियां प्रारंभ हो सकती हैं. बैठक में औद्योगिक विकास महामंडल के क्षेत्रीय अधिकारी राम लंके, कार्यकारी अभियंता ए.बी. दाभेराव , उप अभियंता एन. डी. विंचुरकर, सीईटीपी अधिकारी विवेक केलापुरे, स्किल्ड डेवलपमेंट सेंटर के अधिकारी जुनैद खान उपस्थित रहें.
गौरतलब हैं कि इससे पहले 13 मार्च को वस्त्रोद्योग मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने भी इस प्रकल्प का दौरा कर दिशा-निर्देश दिए थे. लगातार हो रहे उच्चस्तरीय निरीक्षण से यह स्पष्ट है कि केंद्र सरकार इस परियोजना को शीघ्र गति से पूर्ण करने के लिए प्रतिबध्द हैं. पीएम मित्र टेक्सटाईल पार्क केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना हैं, जिसे देश के सात राज्यों में विकसित किया जा रहा हैं. अमरावती में तेजी से आकार ले रहा यह प्रकल्प न केवल क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा.
* सब्सिडी और सुविधाओं के प्रचार पर विशेष जोर
आयुक्त ने औद्योगिक विकास महामंडल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार, पर्यावरण विभाग, वस्त्रोद्योग मंत्रालय तथा राज्य औद्योगिक विकास महामंडल द्बारा दी जा रही विभिन्न सब्सिडी की सुविधाओं का व्यापक प्रचार- प्रसार किया जाए. उनका मानना हैं कि इन योजनाओं की सहीं जानकारी निवेशकों तक पहुंचने से अधिक उद्योग इस प्रकल्प की ओर आकर्षित होंगे.
* निवेश आकर्षित करने एक्सपो की तैयारी
वृंदा देसाई ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों को आकर्षित करने के लिए दिल्ली, मुंबई जैसे प्रमुख शहरों में बडे स्तर पर एक्स्पो आयोजित करने की योजना पर जोर दिया. इससे न केवल निवेश में वृध्दि होगी, बल्कि अमरावती को देश के प्रमुख टेक्सस्टाईल हब के रूप में स्थापित करने मेंं मदद होगी.
* बैठक में समीक्षा
नांदगांव पेठ स्थित रिकल्ड डेवलपमेंट सेंटर में सुबह 11 से दोपहर 2.30 बजे तक चली बैठक में प्रकल्प के विभिन्न पहलुओंं की समीक्षा की गई. इसमेें केंद्र व राज्य के अधिकारियों ने भाग लेकर कार्यों की प्रगति और आगामी रणनीति पर चर्चा की.





