पढने-लिखने में होशियार अयान अहमद ने गलत जगह लगाया दिमाग
सेक्सटॉर्शन को बनाया पैसे कमाने का जरिया, सोशल मीडिया का लिया सहारा

* संभ्रांत व अमीर परिवारों की नाबालिग लडकियों को फांसता था जाल में
* अपने कई साथियों की मदद से चलाता था सेक्सटॉर्शन का रैकेट, सभी साथियों में बराबर बंटता था पैसा
अमरावती/दि.15 – कई संभ्रांत परिवारों की भोलीभाली व मासूम लडकियों को अपने प्रेमजाल में फांसकर उनका यौन शोषण करने तथा उनके अश्लील व आपत्तिजनक वीडियो बनाते हुए उनके साथ ब्लैकमेलिंग करने व धन उगाही करने के साथ ही उन युवतियों की बदनामी करने हेतु उनके अश्लील व आपत्तिजनक फोटो व वीडियो को सोशल मीडिया के जरिए वायरल करने के मामले में नामजद होने के साथ ही गिरफ्तार किए गए अयान अहमद को लेकर अब यह जानकारी भी सामने आई है कि, अयान अहमद किसी समय परतवाडा की फातिमा कॉन्व्हेंट स्कूल का छात्र हुआ करता था. जिसने कक्षा 10 वीं में 87 फीसद अंक हासिल किए थे, यानि वह पढाई-लिखाई में काफी अच्छा विद्यार्थी था, परंतु आगे चलकर उसने गलत राह पकड ली और अपने बेहतरीन दिमाग का इस्तेमाल गलत कामों के लिए करना शुरु किया. जिसके चलते आज वह ‘सेक्सटॉर्शन’ व ‘लव ट्रैप’ जैसे मामले में फंसा हुआ है.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक परतवाडा शहर के गटरमलपुरा परिसर में रहनेवाला अयान अहमद तनवीर अहमद की पढाई-लिखाई अंग्रेजी माध्यम की कॉन्व्हेंट स्कूल से हुई थी. जिसके चलते उसकी बातचीत करने की शैली काफी प्रभावी थी और वह फर्राटेदार तरीके से बातचीत करते हुए किसी को भी बडी आसानी के साथ प्रभावित किया करता था. देखने-दिखाने में काफी ठीकठाक रहनेवाले अयान अहमद ने अपने काफी हद तक आकर्षक व्यक्तित्व व प्रभावी वक्तृत्व का फायदा उठाते हुए अपने कुछ साथिदारों के साथ मिलकर पैसे कमाने के लिए ‘लव ट्रैप’ व ‘सेक्सटॉर्शन’ का सहारा लिया. जिसके तहत अयान अहमद ने वॉटस्एप ग्रुपों के जरिए अपने संपर्क में आनेवाली संभ्रांत परिवारों की नाबालिग लडकियों को मीठी-मीठी बातें करते हुए प्रेमजाल में फांसना शुरु किया. जिन्हें वह अपने साथ किसी होटल के अथवा किराए के कमरे में लेकर जाया करता था. जहां पर वह उनके साथ कुछ देर तक इधर-उधर की बातचीत करने के बाद उनकी इच्छा के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाया करता था. साथ ही उस दौरान कमरे में मोबाइल पर इन सब की वीडियो व फोटो शुटिंग भी किया करता था, जिसके बाद उन्हीं फोटो व वीडियो के जरिए संभ्रांत परिवार की उन लडकियों के साथ ब्लैकमेलिंग करते हुए उनसे धन उगाही की जाती थी. पता चला है कि, अयान अहमद के साथ रैकेट में शामिल रहनेवाले अन्य सभी आरोपियों के बीच इस पैसे की बंदरबाट हुआ करती थी.
पुलिस को यह भी संदेह है कि, युवतियों को अपने प्रेमजाल में फांसने के बाद उनका यौन शोषण करते हुए उनसे धन उगाही करने के साथ ही आरोपियों द्वारा ऐसे तमाम फोटो व वीडियो को कुछ ऑनलाइन पोर्टल के लिए भी बेचा जाता रहा होगा और आरोपियों द्वारा इस जरिए भी पैसे कमाए जाते रहे होंगे, इस बात को भी ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. इसी बीच यह जानकारी भी सामने आई है कि, यह सारा गडबड वाला धंधा विगत करीब डेढ वर्षों से चल रहा था. इस दौरान आरोपियों द्वारा कई मासूम युवतियों को अपने प्रेमजाल में फांसते हुए उनसे धन उगाही की गई है. साथ ही अब उनके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी किए गए. जिसमें से फिलहाल 19 वीडियो व 39 फोटो ही सामने आए है तथा 7 से 8 पीडिताओं की पहचान हुई है. ऐसे में अब पुलिस द्वारा इस बात की पडताल की जा रही है कि, इन डेढ वर्षों के दौरान आरोपियों द्वारा कितनी युवतियों को अपने प्रेमजाल में फांसते हुए उनका यौन शोषण किया गया और उनसे कितने रुपयों की धन उगाही की गई.
लग्जरी कार, सोशल मीडिया का जाल और ब्लैकमेलिंग का खेल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अयान अहमद तन्वीर युवतियों को महंगी कारों और सोशल मीडिया के जरिए अपने झांसे में फंसाता था. वह इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर संपर्क कर पहले दोस्ती करता, फिर प्रेम संबंध का नाटक कर युवतियों को अपने जाल में फंसाता था. इसके बाद वह उनके साथ आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था. जांच में अब तक 18 आपत्तिजनक वीडियो और 39 फोटो सामने आए हैं, जिन्हें आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया. इस मामले में आठ नाबालिग लड़कियों और महिलाओं के शोषण की बात सामने आई है, हालांकि अब तक किसी पीड़िता या उनके परिवार की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पिता पुराने वाहनों के खरीद-फरोख्त का कारोबार करते हैं और आरोपी उन्हीं महंगी कारों का इस्तेमाल कर युवतियों पर प्रभाव डालता था. उसके साथ उजेर खान, तरबेज खान और मोहम्मद साद को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है. इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के दुरुपयोग और युवाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.





